3rd World War का काउंटडाउन शुरू; रूस-चीन की घेराबंदी और ट्रंप का ‘वन मैन शो’, क्या होगा अंजाम
3rd World War: क्या दुनिया पर तीसरे विश्व युद्ध का खतरा मंडरा रहा है, क्या दुनिया दो हिस्सों में बंटने को तैयार है, क्या परमाणु युद्ध छिड़ने का काउंटडाउन शुरू होने को है? क्या वर्ष-2026 वाकई सबसे खतरनाक साल साबित होगा? क्या दुनिया में कत्लेआम का भयावह मंजर देखने का समय आ गया है? देश-दुनिया में इस प्रकार के सवालों पर चर्चाएं आरंभ हो गई हैं।
ट्रंप की ‘चौधराहट’ वैश्विक शांति के लिए खतरा
अमेरिका की ‘चौधराहट’ वैश्विक शांति के लिए खतरा बन चुकी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी बेजां हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। वह तानाशाही की हदें पार करने को तैयार हैं। वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अगवा करके अमेरिका में लाने और बदनाम जेल में बंद कराने के बाद ट्रंप ने कुछ और देशों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे डाली है। इसी क्रम में ट्रंप ने भारत पर फिर छेड़ा है।
उन्होंने भारत पर नया टैरिफ लगाने की चेतावनी दी है। इसके चलते शेयर बाजार में अचानक गिरावट देखने को मिली है। अपने दूसरे कार्यकाल में ट्रंप जिस प्रकार के मनमाने फैसले लेने पर आमादा हैं, वह कतई उचित नहीं है। अमेरिका की ताकत का खौफ दिखाकर वह दूसरे देशों पर अपनी नीतियां थोपने का प्रयास कर रहे हैं। इस बीच अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने भारत के समर्थन में आवाज उठाई है।
ट्रंप की नई धमकी के संदर्भ में मैरी ने कहा है कि भारत जैसे मित्र देश के साथ अमेरिका को अनावश्यक तनाव से बचना चाहिए। उन्होंने पीएम मोदी से कहा कि यूएस राष्ट्रपति ट्रंप की हर धमकी का जवाब देने की जरूरत नहीं है। इसके पहले भी अमेरिका में भारत के पक्ष में आवाज उठती रही हैं। उधर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने डोनाल्ड ट्रंप के बयान को आधार बनाकर पीएम मोदी पर निशाना साधा है।
60 साल बाद बड़ा खुलासा, 13 साल की उम्र में ‘उस’ एक किताब ने जिनपिंग की दुनिया कैसे बदल दी
दरअसल ट्रंप ने कहा था कि वे (भारत) मूल रूप से मुझे खुश करना चाहते थे। मोदी बहुत अच्छे इंसान हैं, वह अच्छे व्यक्ति हैं। उन्हें पता था कि मैं खुश नहीं था और मुझे खुश करना जरूरी था। वे व्यापार करते हैं और हम उन पर जल्द टैरिफ बढ़ा सकते हैं। यह उनके लिए बहुत बुरा होगा। ट्रंप के इस बयान का जिक्र कर खरगे ने कहा कि ‘ट्रंप मोदी को लेकर यह कहना चाह रहे हैं कि ‘मोगैम्बो खुश हुआ’। बड़बोले ट्रंप के बयान पर भारत में एक बार फिर सियासत गरमा रही है। भारत द्वारा रूस से तेल की खरीदारी बंद न किए जाने के कारण ट्रंप बौखलाए हुए हैं।
अयातुल्लाह खामनेई बेचैन क्यों
वहीं, वेनेजुएला की घटना के बाद से चीन व रूस ने अमेरिका के खिलाफ घेराबंदी तेज कर दी है। वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो का हश्र देखकर ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह खामनेई बेचैन हैं। ऐसी खबरें आ रही हैं कि वह ईरान छोड़ने की तैयारी में हैं। खामनेई को रूस में शरण मिलने की संभावना जाहिर की जा रही है। ईरान में इन दिनों हालात बद से बदतर हो चले हैं। सुप्रीम लीडर खामेनेई के विरोध में निरंतर हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं।
RQ-170 Sentinel: अमेरिका का वो सीक्रेट हथियार जो लादेन के बाद अब बना मादुरो का काल
विरोध-प्रदर्शन में पचास से अधिक नागरिकों की मौत हो चुकी है। डोनाल्ड ट्रंप की बढ़ती मनमानी को रोकने के लिए कई देश एकजुट होने लगे हैं। इसके चलते विश्व युद्ध के हालात पैदा होने का खतरा बढ़ गया है। भविष्य में यदि ऐसा होता है तो इसका खामियाजा अमेरिका को भी भुगतना पड़ेगा। जानकारों का मानना है कि चीन, रूस और भारत यदि एकजुट हो जाते हैं तो अमेरिका की चौधराहट धरी रह जाएगी।



