कच्ची मटर खाने से फूल जाता है पेट, न्यूट्रिशनिस्ट ने बताया सर्दियों के सुपरफूड्स पकाने का सही सीक्रेट

Winter Superfoods: सर्दियों के मौसम में बाजार ताजे फलों, हरी पत्तेदार सब्जियों और पौष्टिक अनाजों से भर जाते हैं। प्रकृति हमें ये चीजें इसलिए देती है ताकि हम पूरे साल खुद को सेहतमंद और मजबूत बनाए रख सकें। हालांकि, अधिकांश लोग जाने-अनजाने इन मौसमी चीजों को गलत तरीके से खाते हैं, जिससे शरीर को इनका पूरा पोषण नहीं मिल पाता और कई बार पाचन से जुड़ी दिक्कतें भी होने लगती हैं। न्यूट्रिशनिस्ट लीमा महाजन ने सोशल मीडिया पर सर्दियों के 6 ऐसे ही खास सुपरफूड्स को खाने का वैज्ञानिक और सही तरीका साझा किया है, जिससे शरीर को इनका शत-प्रतिशत न्यूट्रिशन हासिल हो सके।
सर्दियों की सबसे लोकप्रिय हरी मटर को अगर कच्चा या आधा-अधूरा पकाया जाए, तो यह पेट में भारीपन, गैस और ब्लोटिंग पैदा कर सकती है। न्यूट्रिशनिस्ट के अनुसार, मटर के दानों को हमेशा तब तक पकाना चाहिए जब तक वे पूरी तरह से मुलायम न हो जाएं या फिर उन्हें हल्का स्टीम देकर खाना चाहिए, जिससे इनका पाचन आसान हो जाता है।
वहीं दूसरी ओर, ठंड के मौसम में मिलने वाली रेत में भुनी मूंगफली खाते समय लोग अक्सर उसका पतला लाल छिलका मसलकर फेंक देते हैं। जबकि सच यह है कि मूंगफली के उसी लाल छिलके में सबसे अधिक मात्रा में शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं, जो शरीर को अंदरूनी मजबूती देते हैं।
शकरकंद (स्वीट पोटैटो) को डाइट में शामिल करते समय लोग अक्सर उबालने के बाद उसका छिलका पूरी तरह उतार देते हैं। न्यूट्रिशनिस्ट की सलाह है कि शकरकंद के छिलके की पतली परत को कभी न हटाएं, क्योंकि इसके छिलके में प्रचुर मात्रा में डाइटरी फाइबर और पॉलीफेनॉल पाए जाते हैं जो आंतों के स्वास्थ्य यानी गट हेल्थ के लिए रामबाण साबित होते हैं। आयरन, कैल्शियम और मैग्नीशियम से भरपूर खजूर को कभी भी खाली पेट अकेले खाने से बचना चाहिए, क्योंकि इसका हाई ग्लाइसेमिक इंडेक्स तुरंत ब्लड शुगर बढ़ा सकता है
खजूर को हमेशा बादाम, अखरोट या कद्दू-सूरजमुखी के बीजों के साथ मिलाकर खाएं; नट्स में मौजूद हेल्दी फैट्स और प्रोटीन पाचन को धीमा कर शुगर स्पाइक को रोकते हैं।
क्या ज्यादा घी खाने से वाकई होती है नॉर्मल डिलीवरी, यहां जाने सही बात
हरी पत्तेदार सब्जी पालक के औषधीय गुणों को बचाए रखने के लिए इसे कभी भी बहुत ज्यादा देर तक आंच पर नहीं पकाना चाहिए। ज्यादा उबालने या भूनने से पालक में मौजूद हीट-सेंसिटिव विटामिन्स, जैसे विटामिन सी और फोलेट नष्ट हो जाते हैं, इसलिए इसे सिर्फ हल्का स्टीम करके ही डाइट में शामिल करें। इसके अलावा विटामिन सी का पावरहाउस माना जाने वाला आंवला सबसे ज्यादा फायदा कच्चा खाने पर देता है। यदि कच्चा आंवला कसैला लगे, तो इसे हल्की भाप में पकाकर खाया जा सकता है, जिससे इसके नाजुक पोषक तत्व पूरी तरह सुरक्षित रहते हैं और पाचन भी दुरुस्त रहता है।



