लंदन में राहुल गांधी के भाषण को लेकर हुआ हंगामा, लोकसभा-राज्यसभा कल तक के लिए स्थगित

स्टार एक्सप्रेस संवाददता

डेस्क: संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण आज से शुरू हुआ। पहले दिन जहां भाजपा ने राहुल गांधी के लंदन में दिए गए बयानों को मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस को घेरा, वहीं विपक्ष ने अदाणी पर हिंडनबर्ग रिपोर्ट का मामला उठाया। इसके चलते संसद के दोनों सदन- लोकसभा और राज्यसभा में हंगामा जारी रहा। पहली बार दो बजे तक स्थगित करने के बाद जब हंगामा खत्म नहीं हुआ तो दोनों सदनों को मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

 मंगलवार तक के लिए स्थगित संसद के दोनों सदन

लोकसभा और राज्यसभा पहली बार दो बजे तक स्थगित रहीं। हालांकि, इसके बाद भी दोनों सदने की कार्रवाई हंगामे के चलते सुचारू ढंग से जारी नहीं रह पाईं। जब हंगामा खत्म नहीं हुआ तो दोनों सदनों को मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

 स्वास्थ्य मंत्रालय ने लिया संज्ञान केरल डंपिंग यार्ड में आग को लेकर

केंद्रीय मंत्री वी. मुरलीधरन ने केरल के डंपिंग यार्ड में भड़क रही आग और उससे हो रहे प्रदूषण के मामले पर जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 से अधिक दिनों से कोच्चि के ब्रह्मपुरम वेस्ट डंपिंग यार्ड में आग लगने के बाद धुंआ होने के कारण वहां गंभीर स्वास्थ्य दिक्कतें हो रही हैं जिससे 1000 लोग उस जगह को छोड़कर राज्य के दूसरे शहर में जा रहे हैं और 1000 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मैं स्वास्थ्य मंत्री डॉ.मनसुख मांडविया से मिला और उन्होंने इस संबंध में भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय से राज्य की रिपोर्ट लेने और समाधान निकालने को कहा है।

राहुल गांधी को लेकर जारी विवाद पर भाजपा सांसद राज्यवर्धन राठौर का भी बयान आया है। उन्होंने कहा कि कुछ ख़िलाड़ी ऐसे होते जो अपनी टीम के विरोध में काम करते, वह (राहुल गांधी) एक ऐसे ख़िलाड़ी हैं। भारत को बदनाम करने के लिए वह पूरी दुनिया में झूठ फैला रहे। वह देश, दुनिया के बारे में बात बाद में करें, पहले वे बताएं कि राजस्थान में ऐसे हाल क्यों हैं?

राहुल के बयान पर शशि थरूर ने कही ये बात

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने राहुल के बयान को लेकर जारी विवाद को ओछी राजनीति करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह ओछी किस्म की राजनीति है..राहुल गांधी ने ऐसा नहीं कहा जिस पर उन पर आरोप लगाया जा रहा है। आप उनका बयान देख सकते हैं। मुझे यहां ऐसा कुछ नहीं दिखता जिससे उन्हें मांफी मांगने की जरूरत हो।

भाजपा लोकतंत्र को कुचल रही है: मल्लिकार्जुन खरगे

राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सदन के बाहर भाजपा के राहुल गांधी पर किए गए हमलों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग खुद यहां लोकतंत्र को कुचल रहे हैं और हर एजेंसी का गलत उपयोग कर रहे हैं। वे देश को एक तानाशाही की तरह चला रहे हैं और फिर ये लोग लोकतंत्र और देशभक्ति की बात करते हैं। खरगे यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा, “हम अदाणी के शेयरों के मुद्दे पर JPC के गठन की मांग कर रहे हैं। जब हम इस मुद्दे को उठाते हैं तो माइक बंद कर दिया जाता है और सदन में हंगामा शुरू हो जाता है। इसके लिए आज भी हम JPC की मांग कर रहे हैं।”

किरेन रिजिजू बोले- कांग्रेस के सवालों का जवाब देने का मन नहीं करता

केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू ने सोमवार को कहा कि उन्हें सदन में कांग्रेस की बातों का जवाब देने में अच्छा नहीं लगता। उन्होंने कहा कि आलोचना के लिए भी तर्क होना चाहिए, जो उनकी (कांग्रेस की) बातों में नहीं होते। वे संसद नहीं चलने देते जिससे संसद में जरूरी मुद्दों पर चर्चा नहीं हो पाती। कांग्रेस की रुचि नहीं है सदन को चलने देने में।

 राहुल गांधी पर हमला केंद्रीय मंत्री का

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी राहुल के लंदन में दिए बयानों को लेकर उन पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकसभा में राहुल गांधी को जितना समय दिया गया था उससे ज्यादा वो बोले हैं, फिर कैसे बोलते हैं कि उन्हें बोलने का अवसर नहीं दिया जाता। उन्होंने भारत के बाहर भारत का कितना अपमान किया। उन्होंने (राहुल गांधी) भारत के लोकतंत्र को बचाने के लिए दूसरे देश से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया। ये भारत का, भारत के लोकतंत्र का और संसद का अपमान है। वो झूठ बोलकर इस देश का अपमान क्यों कर रहें?

 राहुल को घेरा राज्यसभा में पीयूष गोयल ने

केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा में भाजपा के नेता पीयूष गोयल ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी ने विदेशी जमीन पर भारतवासियों और सदन का अपमान किया है। भारत में वाक स्वतंत्रता है और संसद में सभी अपनी बात रखते हैं। उन्हें भारत के ऊपर इस प्रकार की टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें सदन में आकर माफी मांगनी चाहिए।”

राहुल गांधी पर बोला हमला राजनाथ सिंह ने

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सदन के एक वरिष्ठ नेता हैं। उन्होंने विदेश की धरती से भारत का अपमान किया है। उन्हें संसद में आकर माफी मांगनी चाहिए। उनके इस बयान के बाद विपक्ष ने सदन में जमकर हंगामा किया। इसके बाद सदन की कार्यवाही को दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

आम आदमी पार्टी और भारतीय राष्ट्र समिति के सांसदों ने बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत से पहले संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने केंद्रीय एजेंसियों और अडानी विवाद के कथित दुरुपयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button