ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में विपक्ष का प्रदर्शन, गाजियाबाद से भी पहुंचे सपाई

गाजियाबाद। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को नई दिल्ली में इंडिया गठबंधन के सांसदों और विपक्षी दलों ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। संसद से निर्वाचन आयोग कार्यालय की ओर निकाले गए मार्च में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी शामिल हुए। पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोके जाने के बाद विपक्षी नेताओं और सांसदों ने सड़क पर धरना देकर नारेबाजी की।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर गाजियाबाद विधानसभा-56 से सपा प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और स्थानीय समर्थक बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में शामिल होकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। विपक्षी नेताओं ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मामलों में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने की मांग की।
सपा प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग ने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के अधिकारों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद विधानसभा-56 का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतंत्र की रक्षा की इस लड़ाई में मजबूती से खड़ा है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनावी संस्थाओं की निष्पक्षता सर्वोपरि है। जनता के मताधिकार और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन में विधानसभा-56 के वरिष्ठ पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और स्थानीय समर्थक मौजूद रहे।



