दो डंपर और लग्जरी डिजायर कार में भिड़ंत
सांड को बचाने के प्रयास में कंटेनर चालक का बिगड़ा संतुलन

जसवंतनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर मॉडल तहसील के सामने स्थित कट पर सोमवार को एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा हो गया। सांड को बचाने के प्रयास में एक डम्फर चालक का संतुलन बिगड़ गया और डम्फर कट पर इटावा की ओर मुड़ रहे डंपर से जा टकराया। टक्कर के बाद डंपर असंतुलित होकर पास से गुजर रही मारुति सुजुकी डिजायर से जा भिड़ा। हादसे में दो डंपर और कार क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई और सभी लोग सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार इटावा की ओर से डम्फर आ रहा था। इसे फतेहपुर सीकरी निवासी अनिल पुत्र लाल सिंह चला रहे थे। बताया गया कि डम्फर में चालक के अलावा कोई कंडक्टर नहीं था। इसी दौरान अचानक सड़क पर सांड आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगड़ गया और डम्फर तहसील कट पर इटावा की ओर मुड़ रहे डंपर के पिछले हिस्से से जा टकराया।
बताया गया कि इटावा की ओर जाने वाला डंपर कट पार करने की स्थिति में था। टक्कर लगने के बाद डंपर चालक मौके पर नहीं रुका और वाहन लेकर वहां से चला गया। इसके बाद टक्कर से असंतुलित हुआ डंपर पास से गुजर रही मारुति सुजुकी डिजायर के पिछले हिस्से से जा भिड़ा।
डिजायर में 28 वर्षीय चालक रत्नेन्द्र पुत्र कमलेश निवासी नगला भोज,भरथना अपनी 25 वर्षीय पत्नी सोनी और दो वर्षीय बेटी आराध्या के साथ दवा लेने नगर की ओर जा रहे थे। जोरदार टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि गनीमत रही कि कार सवार दंपती और मासूम बच्ची समेत कंटेनर चालक अनिल सुरक्षित रहे। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
लगातार हादसों से बढ़ी चिंता
मॉडल तहसील के सामने स्थित कट पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि कट पर रॉन्ग साइड से वाहनों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था के अभाव में हादसे का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने कट पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती,रेड सिग्नल लगाने,वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
डंपर चालक के मौके से जाने पर उठे सवाल
हादसे के बाद इटावा की ओर मुड़ रहे डंपर के चालक के वाहन समेत मौके से चले जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस हादसे की परिस्थितियों के साथ ही मौके से निकल गए डंपर के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।



