बबिता तिवारी ने त्यागे जूते-चप्पल, नंगे पांव नाप रहीं इसौली की सियासी जमीन

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री का संकल्प बना चर्चा का विषय,लक्ष्य प्राप्ति तक नंगे पांव रहने की प्रतिज्ञा

सुल्तानपुर। विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ ही इसौली में टिकट की दावेदारी को लेकर सियासी हलचल बढ़ने लगी है। संभावित दावेदारों की बढ़ती सक्रियता के बीच भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री बबिता तिवारी अपने अनोखे संकल्प को लेकर सुर्खियों में हैं।

इसौली विधानसभा सीट को अपना लक्ष्य बताते हुए उन्होंने 18 नवंबर से जूते-चप्पल पहनना त्याग दिया है। बढ़ती ठंड के बीच वह नंगे पांव गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर जनसंपर्क कर रही हैं। उनके इस संकल्प के धार्मिक और राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।विधानसभा चुनाव में अभी वक्त है,लेकिन इसौली में भाजपा के टिकट के संभावित दावेदारों ने क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी बीच बबिता तिवारी का नंगे पांव क्षेत्र भ्रमण करने का फैसला चर्चा का विषय बन गया है।

उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने संकल्प की जानकारी साझा करते हुए इसे मां भगवती के प्रति आस्था, विश्वास, धैर्य और समर्पण का प्रतीक बताया है।बबिता तिवारी ने 18 नवंबर को चप्पल त्यागने का संकल्प लिया था। अगले दिन 19 नवंबर को उन्होंने अपनी प्रतिज्ञा दोहराते हुए कहा कि रास्ते भले ही कठिन हों और संघर्ष कितना भी लंबा हो, लक्ष्य प्राप्ति तक उनका संकल्प अटल रहेगा।बबिता तिवारी जहां अपने संकल्प को धार्मिक आस्था से जोड़ रही हैं,वहीं चुनावी तैयारियों के बीच इसे उनकी राजनीतिक दावेदारी के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। हालांकि,भाजपा की ओर से इसौली सीट पर उम्मीदवार की घोषणा अभी बाकी है। फिलहाल उनका नंगे पांव जनसंपर्क स्थानीय सियासी चर्चाओं का विषय बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button