बाईपास तक नाला निर्माण की मांग महिलाएं आई सामने

जलभराव से स्कूली बच्चे,ग्रामीण परेशान

जसवंतनगर,इटावा। तहसील क्षेत्र के ग्राम दुर्गापुरा में जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने नाले का निर्माण करीब 400 मीटर आगे बाईपास तक कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी के पानी की निकासी के लिए विधायक निधि से नाले की कच्ची खुदाई तो करा दी गई है, लेकिन पानी के समुचित निकास के लिए इसे बाईपास तक ले जाना जरूरी है। इस संबंध में ग्रामीणों ने एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया।

ग्रामीणों ने बताया कि जल निकासी की व्यवस्था ठीक न होने से आबादी का पानी रास्तों में भरा रहता है। कीचड़ और पानी के बीच से बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को निकलना पड़ रहा है। कई बार लोग फिसलकर गिर भी जाते हैं। जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार, जहां नाले की खुदाई कराई गई है, वहां पुरानी पुलिया भी बंद पड़ी है। नाले को आगे तक नहीं ले जाया गया तो बरसात में पानी गांव की आबादी के साथ आसपास के खेतों में भी भरने की आशंका है। इससे किसानों को भी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

ग्रामीणों ने प्रार्थना पत्र देकर नाले को करीब 400 मीटर आगे बाईपास तक पक्का बनाने की मांग की। प्रार्थना पत्र देने वालों में एवरन सिंह, विकास कुमार, संजीव कुमार, विपिन कुमार, प्रेम सिंह, लालमन, पूनम देवी, सोनम, खुशबू, शीला, सरोज, हंसो, रेशमा, धनवंती और सुरजन देवी समेत अन्य ग्रामीण शामिल रहे। एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह ने समस्या का जल्द निदान कराने का आश्वासन दिया।

Related Articles

Back to top button