मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों ने किया प्रदर्शन
स्वराज इंडिया पार्टी के जिला अध्यक्ष रामविलास यादव के नेतृत्व में निकला विशाल जुलूस

रायबरेली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जनपद में लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए विभिन्न संगठनों द्वारा साझा विरोध प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन जय किसान आंदोलन और ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन आइसा के संयुक्त बैनर तले आयोजित किया गया, जिसे स्वराज इंडिया, आम आदमी पार्टी और भाकपा (माले) का भी समर्थन मिला। प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची पुनरीक्षण के नाम पर बड़े पैमाने पर हो रही वोट चोरी के खिलाफ सड़कों पर उतरकर तीखा आक्रोश व्यक्त किया।
आंदोलन की शुरुआत अंबेडकर प्रतिमा (हाथी पार्क) से हुई, जहाँ बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के साथ-साथ महात्मा गांधी और श्री लाल बहादुर शास्त्री जी को पुष्प अर्पित कर नमन किया गया। इसके बाद वोट चोर गद्दी गद्दी छोड़ और ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो नारों के साथ शुरू हुआ मार्च शहीद चौक पर जाकर एक जनसभा में तब्दील हो गया।
शहीद चौक पर जनसभा को संबोधित करते हुए स्वराज इंडिया पार्टी के जिला अध्यक्ष रामविलास यादव ने चुनाव आयोग और सरकार को सीधे शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा, जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होगा, तब तक यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है। जनता अपने वोटों की चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी और जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती, हम सड़कों पर डटे रहेंगे।



