ब्रजघाट से निकली ‘हिंदू जागो’ पदयात्रा दूधेश्वरनाथ मंदिर पहुंची
गंगाजल लेकर पहुंचे पदयात्री, भगवान दूधेश्वरनाथ को किया अर्पित; संतों ने दिया आशीर्वाद

गाजियाबाद। गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट से 12 सितंबर को शुरू हुई ‘हिंदू जागो, घर-बेटी अस्तित्व बचाओ’ पदयात्रा सोमवार को गाजियाबाद स्थित दूधेश्वरनाथ मंदिर पहुंची। पदयात्रा का नेतृत्व शिवशक्ति धाम डासना के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरि के शिष्य यति महादेवानंद गिरि ने किया।
पदयात्रा के दौरान श्रद्धालु ब्रजघाट से गंगाजल लेकर चले। रविवार रात शिवशक्ति धाम डासना में विश्राम के बाद सोमवार सुबह मां और महादेव का आशीर्वाद लेकर पदयात्री दूधेश्वरनाथ मंदिर के लिए रवाना हुए। मंदिर पहुंचने पर गंगाजल भगवान दूधेश्वरनाथ को अर्पित किया गया। इस दौरान सनातन धर्म की रक्षा के लिए प्रार्थना भी की गई।
दूधेश्वरनाथ मठ के पीठाधीश्वर एवं श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत स्वामी नारायण गिरि महाराज ने मंदिर पहुंचने पर पदयात्रियों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने सभी पदयात्रियों को गणपति पूजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी किया।
संतों और पदयात्रियों का किया स्वागत
पदयात्रा के मंदिर पहुंचने पर सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने संतों एवं पदयात्रियों का स्वागत किया। स्वागत करने वालों में अनिल यादव, अंकित वर्मा, अजय झा, डॉ. ममता त्यागी, डॉ. संध्या कौशिक, मधु त्यागी, रीना त्यागी और पलक गुप्ता सहित अन्य लोग शामिल रहे।
पदयात्रियों को आशीर्वाद देने के लिए महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरि और महामंडलेश्वर यति मां प्रत्यंगिरा गिरि भी मंदिर परिसर में मौजूद रहीं।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल
यात्रा में यति महादेवानंद गिरि के साथ स्वामी राम विशाल दास, स्वामी माधव गिरि, स्वामी अभिराम दास, स्वामी दिलीप महाराज, साध्वी दीपिका मिश्रा, मोहित बजरंगी, रोहित गुर्जर और गजेंद्र त्यागी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।
पदयात्रा के दूधेश्वरनाथ मंदिर पहुंचने के साथ श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान दूधेश्वरनाथ का आशीर्वाद लिया और धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।



