इंदिरापुरम में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर नगर आयुक्त सख्त

सीएम ग्रिड फेज-2 को गति देने के निर्देश, ठेकेदारों को अंतिम चेतावनी; 15 दिन में लेवलिंग पूरी करने का लक्ष्य

गाजियाबाद। इंदिरापुरम में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक स्वयं कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त ने इंदिरापुरम पहुंचकर सीएम ग्रिड फेज-2 समेत अन्य निर्माण कार्यों का अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों के साथ मौके पर समीक्षा की।

समीक्षा बैठक में निर्माण विभाग, जलकल, प्रकाश, उद्यान और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ संबंधित ठेकेदार मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने विभागवार चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

ठेकेदारों को अंतिम चेतावनी

सीएम ग्रिड फेज-2 के कार्यों में अपेक्षित तेजी नहीं आने पर नगर आयुक्त ने संबंधित ठेकेदारों को अंतिम चेतावनी दी। मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी और उनकी टीम को लेवलिंग के कार्य में तेजी लाते हुए इसे 15 दिन के भीतर पूरा करने का लक्ष्य दिया गया। साथ ही ठेकेदारों को अतिरिक्त मैनपावर बढ़ाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त ने बताया कि सीएम ग्रिड फेज-2 का कार्य इंदिरापुरम के साथ-साथ वैशाली और कौशांबी में भी चल रहा है। मुख्य मार्ग का कार्य प्रगति पर है और लेवलिंग का काम तेजी से कराया जा रहा है, ताकि यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने में मदद मिल सके।

100-100 मीटर के हिस्से होंगे पूरे

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, परियोजना के तहत यूटिलिटी का कार्य पूरा हो चुका है। अब करीब 100-100 मीटर के हिस्सों को पूरी तरह कंप्लीट करते हुए परियोजना को अंतिम चरण की ओर ले जाने की तैयारी है। नगर आयुक्त ने मौके पर मौजूद सभी संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को उनके कार्यों की अंतिम समयसीमा निर्धारित करते हुए तय अवधि में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्य की गुणवत्ता और गति दोनों सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं

Related Articles

Back to top button