बाइक सवार खतरों के खिलाड़ियों से राहगीर परेशान

कानों में ईयरबड्स, शीट पर दोनों पैर रख बाइक की रफ्तार का वीडियो वायरल

जसवंतनगर,इटावा। सैफई-जसवंतनगर रोड पर इन दिनों एक बाइक सवार का अनोखा अंदाज चर्चा में है। सामने आए वीडियो में युवक बाइक की शीट पर पैर रखकर बाइक चलाता दिखाई दे रहा है। इतना ही नहीं, उसके कानों में ईयरबड्स भी लगे नजर आ रहे हैं।

यानी कानों में गाने,सीट पर पैर और सड़क पर बाइक, साहब अपनी ही धुन में ऐसे मगन नजर आते हैं जैसे सड़क पर नहीं,किसी म्यूजिक वीडियो की शूटिंग चल रही हो। बताया जा रहा है कि जब कोई राहगीर उसे आवाज देकर कहता है,“भाई, ठीक से बाइक चलाइए”, तो वह कथित तौर पर रुकने या अपनी ड्राइविंग सुधारने के बजाय गाने सुनते हुए आराम से आगे निकल जाता है। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। लेकिन सवाल गंभीर है। सड़क पर बाइक चलाते समय अगर कानों में ईयरबड्स लगे हों और ध्यान गाने में हो, ऊपर से बाइक भी इस तरह चलाई जा रही हो, तो अचानक सामने कोई वाहन या राहगीर आ जाए तो कितनी देर लगेगी? हादसा किसी को देखकर नहीं आता। एक छोटी सी गलती बाइक सवार के साथ-साथ सामने से गुजर रहे किसी राहगीर, वाहन चालक या अन्य व्यक्ति के लिए भी भारी पड़ सकती है।

ग्रामीणों के अनुसार इस तरह बाइक चलाने वाले युवक को कई बार सावधानी से बाइक चलाने की सलाह दी गई है। बताया जा रहा है कि युवक जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम अजनौरा का रहने वाला है,हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। सबसे खास बात यह है कि दोनों वीडियो अलग-अलग दिनों के हैं। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि बार-बार इसी तरह बाइक चलाई जा रही है तो क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाए?

सैफई-जसवंतनगर रोड पर चलने वाले राहगीरों की भी यही चिंता है—पता नहीं कब कौन अपनी धुन में बाइक लेकर सामने आ जाए। बेहतर यही होगा कि हादसा होने से पहले ऐसी लापरवाही पर रोक लगे।

Related Articles

Back to top button