भारतीय टेनिस सनसनी सानिया मिर्जा ने मंगलवार को सोशल मीडिया से कुछ दिनों के लिए दूरी बनाने का फैसला किया है। दरअसल, सानिया ने यह फैसला एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाईवोल्टेज मैच को देखते हुए लिया है।

31 वर्षीया सानिया अपने पति और पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक के साथ पहले बच्चे की उम्मीद कर रही हैं। वह पहले भी भारत-पाक मैच में सोशल मीडिया यूजर्स के ट्रोल का शिकार हो चुकी हैं। इसलिए उन्होंने इस बार सोशल मीडिया से कुछ समय के लिए पूरी तरह दूरी बनाने का फैसला किया है।
सानिया ने अपने फैंस को पोस्ट के अंत में यह भी बताया कि यह सिर्फ एक गेम है। ट्विटर पर लिखे अपने पोस्ट में सानिया ने लिखा, ‘मैच शुरू होने में अब 24 घंटे से भी कम समय बचा है, सोशल मीडिया से कुछ दिनों के लिए साइन आउट करना सुरक्षित होगा क्योंकि कुछ मूर्ख लोग यहां खरीखोटी बोलकर अच्छे भले व्यक्ति को बीमार कर सकते हैं। गर्भवती महिला को अकेले छोड़ दो। फिर कभी। अपने आप को आप बाहर करो। मगर याद रखना कि यह सिर्फ एक क्रिकेट मैच है।’
पिछले महीने सानिया को पाकिस्तान को स्वंतत्रता दिवस की शुभकामनाएं देने पर आलोचनाएं झेलनी पड़ी थीं। सानिया के एक फॉलोअर ने उनसे सवाल किया था, ‘आपका स्वतंत्रता दिवस आज ही है न?’ मगर सानिया ने तुरंत जवाब देकर ट्रोलर का मुंह बंद कर दिया। टेनिस स्टार ने जवाब दिया, ‘जी नहीं.. मेरे और मेरे देश का स्वतंत्रता दिवस कल है और मेरे पति व उनके देश का आज। उम्मीद है कि आपकी उलझन दूर हो गई होगी। वैसे आपका कब है?? क्योंकि आप उलझे हुए दिख रहे हैं।’
इससे पहले सानिया ने उन विवादों को भी थाम दिया, जिसमें कहा जा रहा था कि उनका बेबी भारतीय या पाकिस्तानी में से क्या कहलाएगा। सानिया ने कहा कि शोएब और मैं इस तरह की टिपण्णी को तवज्जो नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘पब्लिक फिगर का हिस्सा बनने के लिए लोग टैग दे रहे हैं। मैंने अपने देश, परिवार और अपने लिए खेल रही हूं, जैसे मेरे पति खेल रहे हैं। हमें अपनी जिम्मेदारियां पता है। हम उसके भारतीय या पाकिस्तानी होने को गंभीर रूप से नहीं ले रहे हैं। अच्छी सुर्खियां बनाने का यह जरिया बना हुआ है, लेकिन इसका हमारे घर पर कोई असर नहीं पड़ रहा है।’