हरी पत्तेदार सब्जियां आंखों और आंतों के लिए बेहद लाभकारी होती हैं। हाल ही में एक अध्ययन में इस बात को प्रमाणित भी किया गया है। शोध में कहा गया है कि गोभी या ब्रोकली जैसी हरी सब्जियों के खाने से आंतों को सेहतमंद रहने में मदद मिलती है। यही नहीं, इससे आंतों के कैंसर से बचाव भी होता है। गोभी और ब्रोकली में एक्रियल हाइड्रोकॉर्बन रिसेप्टर नाम के प्रोटीन को सक्रिय करने की क्षमता होती है। यही आंतों के कैंसर से बचाव करने में मददगार होता है।
शोध में चूहों पर प्रयोग किया गया था। शोधकर्ताओं ने चूहों को इंडोल3 कार्बिनोल युक्त आहार दिया। इससे उनमें आंतों के कैंसर से बचाव होने के संकेत मिले। इससे प्राप्त निष्कर्षों के आधार पर शोधकर्ताओं ने बताया कि गोभी और ब्रोकली में पाया जाने वाला इंडोल3 कार्बिनोल शरीर में एएचआर नाम के प्रोटीन को एक्टिव करने का काम करता है। इससे आंतों के कैंसर से सुरक्षा होती है। शोधकर्ताओं के मुताबिक एएचआर एक पर्यावरणीय सेंसर के रूप में काम करता है तथा प्रतिरक्षा थंत्र और आंतों की एपिथिलिएल कोशिकाओं को संकेत देता है कि सूजन से बचाव करने की कोशिश करें।
साथ ही यह आंत में पाए जाने वाले खरबों बैक्टीरिया से प्रतिरक्षा भी प्रदान करता है। स्टडी की प्रमुख ब्रिटेन के फ्रांसिस क्रिक इंस्टीट्यूट की अमीना मेतीजी का कहना है कि जब कैंसरग्रस्त चूहों को आई3सी से भरपूर डाइट खिलाया गया तो उनमें ट्यूमर की संख्या में कमी देखी गई। एक अन्य शोध के अनुसार ब्रोकली खाने से कोलोन, स्तन कैंसर और लंग कैंसर होने के खतरे कम हो जाते हैं।