यश पाल ने बिछाई बिसात, कांती सिंह ने दी मात

पटेल वोटों में सेंध लगाकर यश पाल ने बदला चुनावी समीकरण

आर पी राजन – ब्यूरो चीफ स्टार एक्सप्रेस

रायबरेली। सूबे में हाल ही में हुए विधान परिषद चुनाव के नतीजों ने विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी को नई ताकत दी है | इन चुनावों में सपा ने अपने संगठन की सक्रियता और बेहतर चुनाव प्रबंधन के दम पर सत्ताधारी भाजपा को बड़ा झटका दिया। आमतौर पर यह माना जाता है कि विधान परिषद के चुनाव में सत्ता में रहने वाले दल का पलड़ा भारी रहता है और उसके प्रत्याशियों को चुनाव जीतने में आसानी होती है, लेकिन 2026 के चुनाव परिणामों ने इस धारणा को काफी हद तक बदल दिया। कुल 11 सीटों में समाजवादी पार्टी ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की।

इनमें सबसे ज्यादा चर्चा लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट की रही। दरसल प्रमुख रूप से यहां सपा प्रत्याशी कांती सिंह और भाजपा के इं. अवनीश सिंह पटेल के बीच मुकाबला था। चुनाव में कड़ी टक्कर मानी जा रही थी, लेकिन कांती सिंह ने बेहतर चुनाव प्रबंधन और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल के दम पर बड़ी जीत हासिल की। इस जीत में रायबरेली जिले से मिले समर्थन की भी अहम भूमिका रही। यहां कांती सिंह को मिली बढ़त के पीछे उनके करीबी यश पाल पटेल की मेहनत और चुनावी रणनीति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

यश पाल पटेल ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत वर्ष 1997 में अपना दल से की थी। पार्टी के प्रति उनकी सक्रियता और समर्पण को देखते हुए उन्हें जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गईं। हालांकि, समाजवादी विचारधारा से जुड़ाव के चलते उन्होंने वर्ष 2020 में अपना दल छोड़ दिया और समाजवादी नेत्री कांती सिंह के साथ जुड़कर काम करना शुरू किया।

यश पाल पटेल की सक्रियता और संगठन के साथ बेहतर तालमेल को देखते हुए कांती सिंह ने 2026 के स्नातक एमएलसी चुनाव में उन्हें रायबरेली में मतदाता बनाने और मतदान कराने की जिम्मेदारी सौंपी। यह काम आसान नहीं था, लेकिन यश पाल पटेल ने सपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर इस चुनौती को स्वीकार किया। उन्होंने करीब 20 हजार से अधिक स्नातक मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई। इसके साथ ही मतदान के दिन भी कार्यकर्ताओं के सहयोग से मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाने के लिए लगातार काम किया।

कांती सिंह की जीत का श्रेय निश्चित रूप से समाजवादी पार्टी के संगठन और उसके नेताओं-कार्यकर्ताओं को जाता है, लेकिन यश पाल पटेल जैसे कार्यकर्ताओं की भूमिका भी कम महत्वपूर्ण नहीं रही। ऐसे कार्यकर्ता चुनाव के दौरान पर्दे के पीछे रहकर संगठन की रणनीति को जमीन पर उतारने का काम करते हैं। रायबरेली में सपा को मिली बढ़त भी इसी मेहनत का नतीजा मानी जा रही है।

इस चुनाव का एक दिलचस्प पहलू यह भी रहा कि भाजपा और सपा दोनों के प्रत्याशी पटेल समाज से थे। ऐसे में रायबरेली में पटेल समाज के मतदाताओं का समर्थन हासिल करना दोनों दलों के लिए महत्वपूर्ण था। यश पाल पटेल ने इस दिशा में लगातार संपर्क और समन्वय बनाकर काम किया। इसका फायदा सपा प्रत्याशी कांती सिंह को मिला और उन्हें जिले में अच्छी बढ़त हासिल हुई।

इस चुनाव का परिणाम एक बार फिर बताता है कि केवल बड़े नेताओं के प्रचार या पार्टी के नाम से चुनाव नहीं जीते जाते। इसके लिए मजबूत रणनीति के साथ उसे जमीन पर उतारने वाले सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं की भी जरूरत होती है। कांती सिंह की जीत में यश पाल पटेल जैसे कार्यकर्ताओं की भूमिका इसी बात को साबित करती है कि चुनाव जीतने के लिए बेहतर रणनीति के साथ-साथ उस रणनीति को जमीन पर सफल बनाने के लिए कर्मठ, ईमानदार एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं की जरूरत होती है |

Related Articles

Back to top button