इंजेक्शन लगते ही महिला की मौत
बंगाली डॉक्टर के अस्पताल में आक्रोशितों का हंगामा

इकदिल,इटावा। इकदिल थाना इकदिल क्षेत्र के नगला परबंदी गांव में शनिवार सुबह उस समय कोहराम मच गया जब मामूली खांसी-जुकाम और बुखार के इलाज के लिए अस्पताल गई महिला की इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।
जानकारी के अनुसार नगला परबंदी निवासी गिरीश बाबू अपनी पत्नी राजकुमारी 52 वर्ष को खांसी,जुकाम और बुखार की शिकायत होने पर शनिवार सुबह इलाज के लिए इकदिल स्थित एक कथित बंगाली डॉक्टर के अस्पताल में लेकर पहुंचे थे।
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ ही मिनट बाद राजकुमारी की हालत अचानक बिगड़ने लगी और देखते ही देखते उन्होंने दम तोड़ दिया।
महिला की अचानक मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने और इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया।
मृतका अपने पीछे दो बेटों लाल सिंह 30 वर्ष और अंकुश बाबू 23 वर्ष समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। मां की अचानक मौत से दोनों बेटों और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही इकदिल पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभालते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



