रविदास मंदिर की भूमि पर अवैध पट्टों से ग्रामीणों में आक्रोश

मऊ। जनपद के मोहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के मौजा सिगाड़ी में स्थित प्राचीन रविदास मंदिर की भूमि पर अवैध तरीके से आवासीय पट्टे किए जाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है और उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि गाटा संख्या 247 गांव समाज की भूमि है। इस भूमि पर लगभग 25 वर्षों से रविदास मंदिर स्थापित है। मंदिर में प्रतिदिन पूजा-अर्चना होती है और आस-पास के लगभग 12 से 15 गांवों के लोग यहां दर्शन करने आते हैं। मंदिर केवल धार्मिक स्थल ही नहीं बल्कि स्थानीय आस्था का केंद्र भी है। प्रत्येक वर्ष विशेष अवसरों पर यहां मेले का आयोजन होता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होकर जुलूस निकालते हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोग लेखपाल और सचिव की मिलीभगत से मंदिर की भूमि पर अवैध रूप से आवासीय पट्टे करा लिए हैं।
इस कार्रवाई से न केवल धार्मिक स्थल की गरिमा को ठेस पहुंच रही है, बल्कि क्षेत्र में तनाव का माहौल भी बन गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन ने इस पर शीघ्र रोक नहीं लगाई तो सामाजिक टकराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
ज्ञापन देने वाले ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि अवैध पट्टों को तत्काल निरस्त किया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों व संलिप्त लोगों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही मंदिर की भूमि को सुरक्षित कर इसे राजस्व अभिलेखों में धार्मिक स्थल के रूप में दर्ज किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हो सकें।
ग्रामीणों का कहना है कि रविदास मंदिर क्षेत्र के दलित समाज ही नहीं बल्कि सभी वर्गों की आस्था का केंद्र है। यहां प्रतिदिन पूजा-पाठ और धार्मिक गतिविधियां होती हैं। ऐसे पवित्र स्थल पर अवैध आवासीय पट्टों का जारी होना गंभीर लापरवाही और भ्रष्टाचार का उदाहरण है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। फिलहाल पूरे गांव में इस मुद्दे को लेकर चर्चा और रोष व्याप्त है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस संवेदनशील प्रकरण पर क्या कदम उठाता है।



