ढाबों पर विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई

राष्ट्रीय राजमार्ग के आधा दर्जन ढाबों पर बिजली चोरी पकड़ी

जसवंतनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ढाबों और अवैध मौरंग धुलाई केंद्रों पर बिजली चोरी की बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस टीम ने व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई का नेतृत्व कृष्ण कुमार अधिशासी अभियंता वितरण खंड सैफई ने किया, जबकि अभियान एसडीओ आनंद पाल सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ।

टीम ने नगर क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित लगभग डेढ़ दर्जन ढाबों की जांच की। जांच के दौरान करीब आधा दर्जन ढाबों पर अवैध रूप से बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। कई स्थानों पर ढाबा संचालक बिना मीटर के सीधे तार जोड़कर बिजली का उपयोग करते पाए गए, वहीं कुछ ढाबों पर अवैध रूप से मौरंग धुलाई सेंटर भी संचालित हो रहे थे।

विजिलेंस टीम ने मौके पर अवैध कनेक्शन और तारें जब्त कर लीं। संबंधित ढाबा संचालकों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि कई बार चेतावनी देने के बावजूद ढाबा मालिक चोरी से बाज नहीं आ रहे थे, जिसके बाद यह सख्त कार्रवाई की गई है।

एसडीओ आनंद पाल सिंह ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि विद्युत चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग राजस्व हानि सहन नहीं करेगा और भविष्य में भी ऐसे छापे निरंतर चलाए जाएंगे।

इस दौरान विजिलेंस टीम में जेई कौशल पांडेय, विजिलेंस जेई आलोक कुमार, प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह, टीजी-2 दल और लाइनमैन स्टाफ मौजूद रहा। कार्रवाई के बाद से ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर ढाबा और होटल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। कई संचालकों ने मौके पर ही मीटर लगवाने और बकाया बिल जमा करने की बात कही।

Related Articles

Back to top button