अदरी मोड़ पर दो बाइक की भिड़ंत, एक की मौत, दूसरा गंभीर

मऊ। अदरी मोड़ पर मंगलवार की सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। अचानक हुई इस दुर्घटना ने मृतक के परिवार की खुशियां छीन लीं और गांव में मातम का माहौल छा गया।

मिली जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान अमित राजभर (38 वर्ष) निवासी ग्राम सबदलपुर, पोस्ट किड़ीहिरापुर थाना भीमपुरा, जनपद बलिया के रूप में हुई है।

अमित अपने घर लौट रहे थे कि अचानक सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि अमित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि मृतक अमित दो छोटे बच्चों के पिता थे। बड़ा बेटा लगभग 16 साल का है जबकि छोटा बेटा केवल 2 वर्ष का है। घर के मुखिया की असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना की जानकारी जैसे ही गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया।

वहीं, दूसरी बाइक पर सवार शिवानंद (20 वर्ष) निवासी शाहपुर इंदिरा पूर्व केबिन गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उनकी बाइक भी तेज रफ्तार में थी और मोड़ पर नियंत्रण खोने से यह टक्कर हो गई। हादसे के बाद आनन-फानन में शिवानंद को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार उनके दाहिने हाथ और पैर की हड्डियां टूट गई हैं और उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया दोनों वाहन तेज गति में थे, जिससे मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ।

इस दर्दनाक हादसे ने जहां एक परिवार को असमय उजाड़ दिया, वहीं इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि अदरी मोड़ पर पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से यहां गति-नियंत्रण के उपाय और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

Related Articles

Back to top button