97 पेटी अवैध शराब के साथ दो गिरफ्तार, स्कूटी भी बरामद

गाजियाबाद। मुरादनगर थाना पुलिस और आबकारी टीम ने चेकिंग के दौरान 97 पेटी अवैध शराब बरामद कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शराब की आवाजाही में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी भी कब्जे में ली है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दिनेश कुमार उर्फ बबलू सिंह उर्फ दीपक (57) और उसके पुत्र परशु सिंह (23), निवासी मयूर विहार फेस-3, पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा गया। उनकी निशानदेही पर शराब की पेटियां बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि उनके पास शराब बेचने का लाइसेंस नहीं है। उन्होंने अलग-अलग स्थानों से शराब खरीदकर घर में स्टोर कर रखी थी और उसे अधिक दाम पर बेचने के लिए गाजियाबाद ले जा रहे थे। पुलिस शराब के स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
दोनों के खिलाफ मुरादनगर थाने में धारा 318(4), 61(2) बीएनएस और आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



