खीरों में हुआ वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का आयोजन, राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने किया पौधरोपण

रायबरेली। खीरों विकासखंड के अंतर्गत खीरों कस्बे स्थित सरस्वती इंटर कॉलेज के मैदान में रविवार को वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर आयोजकों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बड़ी-बड़ी मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में रायबरेली की जिलाधिकारी सरनीत कौर तथा पुलिस अधीक्षक रवि कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, ग्राम प्रधान, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश देते हुए खीरों कस्बे में लगभग 4,000 पौधों का रोपण किया गया। अतिथियों ने स्वयं पौधरोपण कर लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी का महायज्ञ है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण मिल सकेगा। कार्यक्रम के दौरान प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। रायबरेली में हर घंटे लग रहे एक लाख पौधे, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं।

उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के संकल्प को पूरा करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रायबरेली जनपद को 55 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है और जिला प्रशासन के नेतृत्व में हर घंटे लगभग एक लाख पौधे रोपे जा रहे हैं।

उन्होंने जिला अधिकारी सहित सभी विभागों के अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ इस अभियान को सफल बनाने में जुटा है। उन्होंने कहा कि पेड़ों का महत्व केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से भी जुड़ा है। राज्य मंत्री ने कहा कि खीरो विकासखंड में आयोजित कार्यक्रम में दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और वृक्षारोपण अभियान में भागीदारी की। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य अवश्य पूरा होगा, बल्कि उससे अधिक पौधे भी लगाए जा सकते हैं।

उन्होंने रायबरेली जनपद और विशेष रूप से हरचंदपुर विधानसभा तथा खीरो क्षेत्र के लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से हर व्यक्ति जुड़े और अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। इससे यह अभियान जन-जन का आंदोलन बनेगा, पर्यावरण हरा-भरा होगा, ऑक्सीजन की उपलब्धता बढ़ेगी और कार्बन डाइऑक्साइड का स्तर कम करने में मदद मिलेगी।

दिनेश प्रताप सिंह ने अभियान को सफल बनाने में योगदान देने वाले जिला प्रशासन, सभी विभागों के अधिकारियों, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष, बूथ अध्यक्षों, पदाधिकारियों और ग्राम प्रधानों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में वृक्षारोपण कर इस अभियान को सफल बनाने में जुटा है।

इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें गर्व है कि वे भारतीय संस्कृति और संस्कारों से ओत-प्रोत राष्ट्र के मंच से संबोधित कर रहे हैं, जहां कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना से हुई, समापन भारत माता की जय के उद्घोष के साथ हुआ और “एक पेड़ मां के नाम” का संकल्प लिया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता व्यक्ति विशेष के नहीं, बल्कि भारत माता के जयघोष और भारतीय संस्कृति के सम्मान के साथ आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता होने और भारतीय संस्कृति को जीने पर गर्व है।

Related Articles

Back to top button