गुरु पूर्णिमा पर ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान के साथ पौधरोपण व सम्मान समारोह आयोजित

सुल्तानपुर। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर संकट मोचन शिक्षण संस्थान इंटर कॉलेज, करिया बझना, कूरेभार में कटका क्लब सामाजिक संस्था द्वारा ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण, पर्यावरण संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कटका क्लब के अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र ‘विनम्र’ ने किया।
विद्यालय के अध्यक्ष अमरेज बहादुर सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि उपवन प्रभागीय वनाधिकारी अंजनी श्रीवास्तव एवं जिला परियोजना अधिकारी अभिनंदन प्रताप सिंह ने पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का दायित्व बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का आह्वान किया। पशुधन प्रसार अधिकारी डॉ. अमित मिश्र एवं पर्यावरण निदेशालय के कृष्ण कुमार दर्जी ने जनभागीदारी को पर्यावरण बचाने की कुंजी बताया।
विद्यालय के प्रबंधक सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों में प्रकृति प्रेम के संस्कार विकसित करने पर बल दिया। इस अवसर पर कटका क्लब के पदाधिकारियों को ‘पर्यावरण पोषक सम्मान’ से सम्मानित किया गया। अंत में राहुल मौर्य एवं प्रधानाचार्य जय प्रकाश वर्मा ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में डॉ ऋषभदेव शुक्ला प्रदेश अध्यक्ष, शिव कुमार तिवारी प्रदेश मंत्री,आदित्य सिंह, आशीष सिंह, शोभनाथ तिवारी, रितिक पांडेय सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।



