अधिवक्ता के घर लाखों की चोरी से फैली दहशत
अज्ञात बदमाशों ने छत के रास्ते घर में घुसकर आभूषण,नकदी किए पार,

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कस्बे के कचौरा रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित एक वकील के घर में रविवार रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए और नीचे बने कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखी नकदी व कीमती जेवरात समेट ले गए। जिसकी कीमत लाखों में आकी जा रही है।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित वकील गौरव ने बताया कि 7 जनवरी को उनकी पुत्री का जन्म इटावा के अस्पताल में हुआ था।
इस कारण वह बीते कुछ दिनों से अस्पताल और घर के बीच आना-जाना कर रहे थे।रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे उनके पिता दिनेश चंद्र यादव और मां विनीता यादव घर लौटे। भोजन करने के बाद दोनों सो गए। सोमवार सुबह करीब सात बजे जब उनकी मां की नींद खुली तो उन्होंने अंदर वाले कमरे का दरवाजा खुला देखा और सामान बिखरा पड़ा मिला। जांच करने पर पता चला कि अलमारी का ताला टूटा हुआ है।
उसमें रखे सोने के हार,आठ अंगूठियां महिला पुरुष,सोने की चेन, करीब आधा किलो चांदी के आभूषण और लगभग 40 हजार रुपये नकद गायब थे।परिजनों ने आशंका जताई कि चोर मकान के पीछे से चढ़कर छत पर पहुंचे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना पर थानाध्यक्ष कमल भाटी, चौकी इंचार्ज मनीष कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। फोरेंसिक टीम प्रभारी राम सहाय पटेल ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए।थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।प्रारंभिक जांच में किसी नजदीकी व्यक्ति की भूमिका की आशंका भी जताई जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


