महिला दारोगा के निर्माणाधीन मकान से गिरकर सुपरवाइजर की संदिग्ध मौत

गाजियाबाद। एबीईएस कॉलेज के पास सुशांत एक्वापोलिस सोसायटी में एलआइयू में तैनात महिला दारोगा के निर्माणाधीन मकान की पहली मंजिल से गिरकर 45 वर्षीय सुपरवाइजर धीरेंद्र कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना 14 अगस्त की रात करीब पौने नौ बजे की बताई जा रही है। मृतक के बेटे ने मामले की जांच की मांग की है।
मूल रूप से शाहजहांपुर के सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी धीरेंद्र कुमार डूंडाहेड़ा में पत्नी और तीन बेटों के साथ किराये के मकान में रहते थे। वह ठेकेदार फैजल रहमान के यहां सुपरवाइजर का काम करते थे। उनका 19 वर्षीय बेटा रामफूल लोनी में रहता है।
मृतक के बेटे का आरोप है कि घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने बताया कि 15 अगस्त को सरकारी अवकाश और उसके अगले दिन रविवार होने के कारण पोस्टमार्टम सोमवार दोपहर को होगा। पुलिसकर्मियों की यह बात सुनकर स्वजन ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव ले जाने पर सहमति जताई और पुलिस को लिखित में दे दिया।
परिवार ने अब घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। निर्माणाधीन मकान की पहली मंजिल से गिरने की परिस्थितियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



