चोक नालियों से गलियां जलमग्न: फूटा गुस्सा

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर विकासखंड क्षेत्र के ग्राम सिरहौल में चोक नालियों के कारण गलियों और मुख्य मार्गों पर जलभराव की समस्या गंभीर होती जा रही है। गंदा पानी सड़कों पर भरने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित है, जबकि मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से डेंगू, मलेरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों की आशंका भी बढ़ गई है।
ग्रामीण सुरेश, बीरबल, दिनेश, महेश सहित अन्य लोगों का आरोप है कि सफाईकर्मी नियमित रूप से नालियों की सफाई नहीं कर रहे हैं।

इसके चलते नालियां गंदगी से पट गई हैं और उनका पानी सड़कों पर बह रहा है। गांव के प्रमुख रास्तों पर जलभराव से स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। कई स्थानों पर लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे फिसलकर हादसे की आशंका भी बनी रहती है।

ग्रामीणों का कहना है कि समस्या की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। उन्होंने नालियों की तत्काल सफाई कराकर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। इस संबंध में एडीओ पंचायत देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रोस्टर के अनुसार सफाईकर्मी भेजकर गांव में नालियों की सफाई कराई जाएगी।

Related Articles

Back to top button