गांव की गलियां हुई नाला तालाबों में तब्दील

ताखा,इटावा। इटावा जनपद की ताखा तहसील और विकास खण्ड क्षेत्र के ग्राम पुरैला में जल भराव से गांव का बुरा हाल बना हुआ है। गांव की गलियां,नाला और तालाबों में तब्दील हो गई है। आलम यह है कि ग्रामीणों को आने-जाने के लिए उक्त गंदे पानी में घुसकर निकलना पड़ रहा है। पानी का निकास न होने के कारण गांव की मैन सड़क पर गंदा पानी भरा हुआ है। वही गांव की नालियों की समय से सफाई न होने के कारण गलियों में भी पानी भरा हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि एक तरफ तो सरकार स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाएं चला रही है। लेकिन अधिकारियों की अनदेखी के चलते सरकार की स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाएं फाइलों में सिमट कर रह गई है। अगर यह योजनाएं धरातल पर दिखाई देती,तो इस गांव की गलियां और नालियां नाला तालाबों में तब्दील नही होती।
गांव के दिव्यांग अधिवक्ता शिव प्रताप उर्फ लाल का कहना है कि कई बार तालाब की खुदाई के लिए प्रशासन से शिकायत की गई। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। जल भराव के कारण गांव में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है जिसके कारण डेंगू जैसी बीमारी ने अपने पैर पसार लिए है। पिछले बर्ष भी मच्छरों के प्रकोप के कारण गांव में डेंगू की चपेट में आकर कई ग्रामीण डेंगू पीड़ित रह चुके हैं। इस बर्ष भी तमाम ग्रामीण डेंगू की चपेट में आ चुके है।
ग्रामीण अंकित दुवे का कहना गांव में पहले सफाई कर्मी तैनात था। तब गांव की नालियों की सफाई होती रहती थी। लेकिन अब कोई सफाई कर्मी न होने के कारण गांव की नालियां मिट्टी से बंद हो गई है। जिससे गांव में जगह-जगह पानी भरा हुआ है।



