श्रीमहंत गौरी गिरि जी महाराज की पुण्यतिथि पर समाधि पूजन और संत भंडारा

गाजियाबाद। सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर में गुरुवार को मंदिर के 14वें श्रीमहंत ब्रह्मलीन श्रीमहंत गौरी गिरि जी महाराज की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाई गई। पितृपक्ष के अवसर पर मंदिर परिसर में समाधि पूजन, तर्पण और संत भंडारे का आयोजन किया गया।
सिद्धपीठ के पीठाधीश्वर श्रीमहंत नारायण गिरि जी महाराज के नेतृत्व में श्रीमहंत गौरी गिरि जी महाराज की समाधि का विधि-विधान से पूजन एवं तर्पण किया गया। इसके साथ ही मंदिर परिसर में स्थित अन्य ब्रह्मलीन श्रीमहंतों एवं सिद्ध संतों की समाधियों पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
श्रीमहंत नारायण गिरि जी महाराज ने कहा कि पितृपक्ष पूर्वजों और गुरुजनों के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। सिद्धपीठ की गुरु-शिष्य परंपरा सदियों से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि गुरुजनों द्वारा स्थापित धर्म, तप, साधना, सेवा और सनातन संस्कृति की परंपरा को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।



