बारिश ने अभियान की शुरुआत पर लगाई रोक
पहले दिन नहीं चल सका बुलडोजर

भरथना,इटावा। भरथना नगर के प्रमुख मार्गों और बाजारों में बुधवार से प्रस्तावित अतिक्रमण हटाओ अभियान पहले ही दिन बारिश की भेंट चढ़ गया। सुबह से शुरू हुई झमाझम बारिश के चलते नगर पालिका प्रशासन अभियान की शुरुआत नहीं कर सका। इसके चलते बाजारों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई टल गई और अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों ने राहत की सांस ली।
नगर पालिका प्रशासन ने व्यापारियों व दुकानदारों को सड़क और नालियों पर किए गए अतिक्रमण को स्वयं हटाने की चेतावनी दी थी। साथ ही स्पष्ट किया गया था कि बुधवार से नगर के प्रमुख बाजारों और मार्गों पर अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाया जाएगा।
बुधवार सुबह कई दुकानदार कार्रवाई की आशंका को देखते हुए सतर्क नजर आए,लेकिन मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज बारिश के कारण पालिका की टीम अभियान शुरू नहीं कर सकी। अभियान स्थगित होने की जानकारी मिलते ही कई अतिक्रमणकारी दुकानदारों के चेहरों पर राहत दिखाई दी और दिनभर बाजार में इसी की चर्चा होती रही।
नगर के तिलक रोड,बजाजा लाइन, जवाहर रोड,आजाद रोड, मोतीगंज,सब्जी मंडी सहित अन्य प्रमुख मार्ग लंबे समय से अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहे हैं। सड़क और नालियों पर किए गए कब्जों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
नगर पालिका अधिकारियों का कहना है कि बारिश थमते ही अभियान शुरू किया जाएगा। जिन लोगों ने अब तक स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सड़क और नालियों से अवैध कब्जे हटाए जाएंगे।



