क्षेत्र में हो रही ताबड़तोड़ चोरियों से पुलिस से उठ रहा लोगों का भरोसा

ऊँचाहार, रायबरेली। क्षेत्र में चोरी इस कदर बढ़ गयी है कि अब लोगों को अपना धार्मिक स्थल तक सुरक्षित नहीं है। लोगों को रात भर जागकर देवस्थलों पर रखवाली करना पड़ रहा है। पुलिस की सुस्ती से मनबढ़ हुए चोरों क्षेत्र में कई घरों को निशाना बना कर लाखों रुपए की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। इससे क्षेत्रीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का पुलिस सुरक्षा से भरोसा उठता जा रहा है। चोरों एक धार्मिक स्थल से नकदी समेत धार्मिक आस्था का प्रतीक चिन्ह पार कर दिया।
यह मामला नगर के मास्टरगंज मोहल्ला स्थित हजरत इमामे हुसैन की याद में बना करबला के रौजा परिसर का है। यहाँ मुस्लिम धर्म के लोगों की भारी आस्था है। लोग यहाँ आते हैं और अपनी आस्था के अनुसार इबादत करते हैं,मन्नतें मांगते हैं।आध्यात्मिक शांति पाने की कोशिश करते हैं और मंजिलस का आयोजन करते हैं।
यहां लोग अपनी हैसियत के अनुसार रौजे के अन्दर नकदी और प्रतीक चिन्ह रखते हैं। दो दिन पूर्व जब श्रद्धालुओं ने इबादत के लिए दरवाजा खोला तो वहां रौजे का छोटा दरवाजा टूटा था और तभी चोरी की जानकारी हुई।
गुरुवार को कर्बला कमेटी के जिम्मेदार नासिर हैदर ने बताया कि चोर पीछे की बाउंड्रीवाल लांघकर पीछे का दरवाजा की कुण्डी तोड़कर अन्दर घुसे और रौजे के अन्दर से करीब आठ हज़ार रुपए की नकदी और आस्था का प्रतीक चिन्ह तीन पंजा चोर चोरी कर ले गए। नकदी समेत कुल करीब 20 हज़ार रुपए की चोरी हुई है। उन्होंने बताया कि आसपास मोहल्ले में भय का माहौल है। अब तो धार्मिक स्थल भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कोतवाली में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस बाबत कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि मामले दो तीन दिन पुराना है। पुलिस जाँच की जा रही है। जल्द चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।
—————–‐—‐‐———–‐‐—–
एनटीपीसी की यूनिट 2 में आई तकनीकी खराबी
ऊँचाहार, रायबरेली। एनटीपीसी की ऊंचाहार परियोजना में 210 मेगावाट क्षमता की यूनिट संख्या 2 में तकनीकी खराबी आ गई। जिसके कारण गुरुवार की दोपहर इस यूनिट को बंद किया गया है ।
बताया जाता है कि गुरुवार की दोपहर को करीब 1:30 बजे एनटीपीसी की यूनिट संख्या 2 को बंद कर दिया गया। जब यह यूनिट बंद की गई उसे समय इसका उत्पादन करीब 196 मेगावाट था ।बताया जाता है कि इस यूनिट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। जिसके कारण प्रबंधन ने इसे बंद करने का निर्णय लिया।
तकनीकी खराबी का असली कारण अभी स्पष्ट नहीं है। इस बारे में तरह-तरह की बातें सामने आ रही है। इस बाबत एनटीपीसी के जनसंपर्क अधिकारी ऋषभ शर्मा का कहना है कि बिजली की मांग कम होने के कारण यूनिट बंद की गई है, जबकि परियोजना सूत्रों का कहना है की यूनिट के टरबाइन में खराबी आई है ।जिसके कारण यूनिट को बंद किया गया है।
————————————-
पति समेत अन्य ससुरालीजनों पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज
ऊँचाहार, रायबरेली। दहेज की खातिर महिला के साथ मारपीट करने व प्रताड़ित किये जाने के मामले में एसपी के आदेश पर पुलिस ने पति समेत अन्य ससुरालीजनों पर केस दर्ज किया है।
खान आलमपुर सतहरा गाँव निवासी प्रमोद कुमार ने बेटी चंचल की शादी चार महीने पूर्व जगतपुर थाना क्षेत्र के हरिभजन का पुरवा गांव के दीपक कुमार के साथ की थी, आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुरालीजन उसे दहेज के खातिर प्रताड़ित करने लगे और विरोध करने पर मारपीट भी करते, बुधवार को पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कार्यवाही की मांग की थी।
इस बाबत कोतवाल सजंय कुमार ने बताया कि चंचल की तहरीर पर पति दीपक कुमार, ससुर रामसेवक, सास पार्वती व ननद आशा के विरुद्ध सम्बंधित धाराओं में केस दर्ज कर विवेचनात्मक कार्यवाही की जा रही है।



