युवक का 25 दिन बाद भी नहीं लगा सुराग
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बेर निवासी बबलू पुत्र राम शंकर बाल्मीकि ने कोतवाली में अपने इकलौते बेटे जितेंद्र कुमार उर्फ जीता 19 बर्ष की गुमशुदगी दर्ज कराते हुए बताया कि विगत 25 दिन पूर्व 7 जुलाई को पड़ोसी ग्राम चलनिया निवासी ग्रामीण कृषक राम नरेश उसके इकलौते बेटा जीता को मजदूरी पर भरथना कृषि मंडी मक्का बिक्री हेतु ट्रैक्टर पर साथ लगाए थे।
मक्का बिक्री के बाद आढ़तिया मक्का बिक्री का भुगतान लेने को रुक गए,जिसके कारण ट्रैक्टर चालक के साथ ट्रैक्टर से उसका बेटा गांव लौट रहा था,इस बीच चालक ने ट्रैक्टर में डीजल डलवाने को ऊसराहार बर्तन मार्ग स्थित चौहान पेट्रोल पम्प पर जैसे ही चालक ने ट्रैक्टर रोका इसी बीच उसका इकलौता बेटा जीता अचानक लापता हो गया।
जिसपर परिजनों ने सभी नाते रिश्तेदारी में खोज बीन की लेकिन उसके बेटे का कहीं कोई सुराग नहीं मिला। बेटे की गुमशुदगी को लेकर परिजन चिंतित हो उठे जिसपर तत्काल पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने बेटे की तलाश में जब आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जिसमें जीता पेट्रोल पम्प से सड़क पर पैदल भरथना की ओर भागता नजर आया है।
दुखी पिता ने पुलिस से लापता इकलौते बेटे की तलाश करने की पुनः गुहार लगाई है।



