उत्तर प्रदेश से ‘भारत इलेक्ट्रॉनिक्स यात्रा’ का मंत्री सुनील शर्मा ने किया शुभारंभ

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है। राज्य के माननीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सुशील कुमार शर्मा ने इलेक्ट्रॉनिका इंडिया और प्रोडक्ट्रोनिका इंडिया 2026 से पहले देशव्यापी इंडस्ट्री एवं बायर आउटरीच अभियान भारत इलेक्ट्रॉनिक्स यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह अभियान मेसे मुंशेन इंडिया द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, सप्लाई चेन और क्षेत्रीय उद्योगों की भागीदारी को मजबूत करना है। यह पहल राज्य सरकार की प्रगतिशील नीतियों, मजबूत बुनियादी ढांचे और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर्स के माध्यम से संपूर्ण वैल्यू चेन में निवेश आकर्षित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड, ग्रेटर नोएडा में 8 से 10 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले इलेक्ट्रॉनिका इंडिया और प्रोडक्ट्रोनिका इंडिया के अगले संस्करण की मेजबानी उत्तर प्रदेश करेगा। इस आयोजन को उद्योग से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है और अब तक 300 से अधिक एग्ज़िबिटर अपनी भागीदारी की पुष्टि कर चुके हैं।
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स यात्रा को एक प्रभावी इंडस्ट्री आउटरीच प्रोग्राम के रूप में डिजाइन किया गया है, जिसके तहत ओईएम, ईएमएस कंपनियों, सिस्टम इंटीग्रेटर्स और प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स खरीदारों के क्लस्टर्स से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। उत्तर भारत से शुरू होकर यह अभियान पश्चिम और दक्षिण भारत तक जाएगा, जबकि इसका समापन सितंबर 2026 में बेंगलुरु में होगा।
मंत्री सुशील कुमार शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश भविष्य के लिए तैयार इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे मंच निवेश बढ़ाने व औद्योगिक क्षमताओं को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर IMEA के प्रेसिडेंट और मेसे मुंशेन इंडिया के सीईओ भूपिंदर सिंह, ELCINA के सेक्रेटरी जनरल राजू गोयल तथा ICEA के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजेश शर्मा ने भी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स यात्रा को समयानुकूल और उद्योग के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
इस यात्रा में प्रमुख औद्योगिक भागीदारों के रूप में पैनासोनिक और मैक्सिम इंटीग्रेटेड सहयोग कर रहे हैं, जो खरीदारों और सप्लायरों के बीच मजबूत संपर्क स्थापित करने में मदद करेंगे।
मजबूत सरकारी समर्थन, औद्योगिक संगठनों की भागीदारी और एग्ज़िबिटर्स की व्यापक उपस्थिति के साथ इलेक्ट्रॉनिका इंडिया और प्रोडक्ट्रोनिका इंडिया 2026, भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।



