पहली ही बारिश में ढहा कच्चा मकान, पीड़ित ने प्रशासन से की आर्थिक सहायता की मांग

महराजगंज, रायबरेली। क्षेत्र के दौतरा गांव निवासी एक गरीब परिवार ने हो रही बरसात से उसका कच्चा मकान ढह जाने के बाद प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। इस संबंध में पीड़ित राधेश्याम पुत्र गंगादीन ने उपजिलाधिकारी महराजगंज को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपा है।

प्रार्थना पत्र में राधेश्याम ने बताया कि वह बेहद गरीब परिवार से हैं और अपने परिवार के साथ झोपड़ीनुमा कच्चे मकान में रहते हैं। लगातार हुई बारिश के चलते उनका मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर गिर गया, जिससे परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने बताया कि आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर होने के कारण वह स्वयं मकान का पुनर्निर्माण कराने में असमर्थ हैं।

पीड़ित ने उपजिलाधिकारी से मांग की है कि लेखपाल से मौके की जांच कराकर उन्हें आपदा राहत कोष अथवा मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वह अपने परिवार के लिए सुरक्षित आवास की व्यवस्था कर सकें। अब पीड़ित परिवार को प्रशासन की मदद का इंतजार है।

Related Articles

Back to top button