दूसरे टी20 में टीम इंडिया पर भारी पड़ सकते हैं इंग्लैंड के ये तीन खिलाड़ी, बन सकते हैं हार का कारण

IND vs ENG 2nd T20 Manchester: भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी20 मुकाबला आज मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जाएगा। जानिए इस मैदान पर इंग्लैंड का रिकॉर्ड कैसा रहा है और किन खिलाड़ियों से टीम इंडिया को सबसे ज्यादा सावधान रहने की जरूरत होगी।
टीम इंडिया ने अब तक मैनचेस्टर में दो टी20 इंटरनेशनल खेले हैं। इनमें एक मैच जीता और एक में हार मिली। दूसरी तरफ इंग्लैंड इस मैदान पर पिछले कई वर्षों से बेहद मजबूत टीम साबित हुई है। यही वजह है कि टीम इंडिया के लिए यह मुकाबला आसान नहीं रहने वाला।
ओल्ड ट्रैफर्ड में इंग्लैंड का दबदबा
ओल्ड ट्रैफर्ड अंग्रेज टीम के लिए हमेशा से मजबूत घरेलू मैदान रहा है। यहां इंग्लैंड ने अब तक 13 टी20 इंटरनेशनल खेले हैं। इनमें सात मुकाबलों में जीत हासिल की जबकि केवल तीन मैच हारे हैं। तीन मुकाबलों का कोई नतीजा नहीं निकला।
भारत ने यहां दो बार इंग्लैंड का सामना किया है। साल 2011 में इंग्लैंड ने जीत दर्ज की थी। वहीं 2018 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान टीम को हराया था।
2020 के बाद कोई टीम नहीं दे सकी मात
इस मैदान पर इंग्लैंड की आखिरी हार सितंबर 2020 में पाकिस्तान के खिलाफ आई थी। इसके बाद से कोई भी टीम उन्हें ओल्ड ट्रैफर्ड में नहीं हरा सकी है।
साल 2021 में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हराकर पुरानी हार का हिसाब बराबर किया। इसके बाद 2023 में न्यूजीलैंड और 2025 में साउथ अफ्रीका को भी इसी मैदान पर हराया। लगातार अच्छी सफलता ने इंग्लैंड का आत्मविश्वास और मजबूत किया है।
इन खिलाड़ियों पर रहेगी सबसे ज्यादा नजर
यदि इंडिया को ये मुकाबला जीतना है तो इंग्लैंड के कुछ प्रमुख खिलाड़ियों को जल्दी रोकना होगा। सबसे पहला नाम ओपनर फिल साल्ट का है। उन्होंने मैनचेस्टर में अब तक केवल एक टी20 खेला है लेकिन उसी मैच में 60 गेंदों पर 141 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। उनका स्ट्राइक रेट 235 रहा था। इससे साफ है कि वह शुरुआत से ही मैच का रुख बदल सकते हैं।
वैभव सूर्यवंशी का असर, इंग्लैंड ने उनके डेब्यू से पहले ही उन्हें रोकने की बनाई ये रणनीति
कप्तान हैरी ब्रूक का रिकॉर्ड भी इस मैदान पर शानदार है। उन्होंने दो मैचों में 108 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट लगभग 190 का रहा है। तेज बल्लेबाजी की उनकी क्षमता भारतीय गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है।
आदिल रशीद की स्पिन से बचना होगा
भारतीय बल्लेबाजों के लिए लेग स्पिनर आदिल रशीद भी बड़ी परीक्षा साबित हो सकते हैं। ओल्ड ट्रैफर्ड में टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज वही हैं। उनके नाम यहां 12 विकेट दर्ज हैं। इस मैदान पर उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4 विकेट पर 35 रन रहा है। ऐसे में भारत के बल्लेबाजों को उनके खिलाफ समझदारी से खेलना होगा।
इसके अलावा जोस बटलर का रिकॉर्ड भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने इस मैदान पर सात मैचों की पांच पारियों में 202 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 160 से ज्यादा का है। अगर उन्हें शुरुआत में नहीं रोका गया तो वह भी भारत के लिए मुश्किलें बढ़ा सकते हैं।



