घर में घुसकर लाखों का माल पार
अज्ञात चोरों ने बोला धावा:परिजन सोते रहे

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र के नगला इंच्छा गांव में सोमवार रात चोर एक घर में घुसकर मोबाइल फोन, नकदी,सोने की चेन समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। सुबह जागने पर सामान बिखरा मिलने से चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी दिलीप यादव ने बताया कि सोमवार रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। सुबह आंख खुलने पर घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और बक्से खुले हुए थे। शुरुआत में उन्होंने समझा कि घर में पाली गई बकरियों के कारण सामान अस्त-व्यस्त हुआ होगा। बाद में सामान की जांच की तो मोबाइल फोन, करीब 10 हजार रुपये नकद,सोने की चेन समेत अन्य सामान गायब मिला।
दिलीप यादव के अनुसार, चोर संभवतः घर में खुले पड़े जीने के रास्ते से अंदर दाखिल हुए। परिवार के लोग घर में सोते रहे और चोर चोरी करने के बाद फरार हो गए। उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति पर उन्हें शक नहीं है। चोरी से परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की जांच कर चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद गांव में हड़कंप है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।



