धमकाने-रेकी करने का स्वास्थ्यकर्मी ने लगाया आरोप

जमीन विवाद में बढ़ा तनाव,स्वास्थ्यकर्मी ने परिवार की सुरक्षा की लगाई गुहार

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र में जमीन विवाद से जुड़े एक मामले में तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। ग्राम बहादुरपुर निवासी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मी वीरेंद्र सिंह ने विपक्षियों पर लगातार धमकाने,गतिविधियों की रेकी करने और परिवार में भय का माहौल बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने सोमवार को थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी को प्रार्थना पत्र देकर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की।

वीरेंद्र सिंह पुत्र मुकुट सिंह यादव ने शिकायत में बताया कि भूमि विवाद का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद विपक्षी सीएचसी पहुंचकर उन्हें धमकाते हैं और सार्वजनिक स्थानों पर उनकी गतिविधियों पर नजर रखते हैं। आरोप है कि वे गांव और उनके घर के आसपास भी चक्कर लगाकर लोगों से उनके संबंध में जानकारी जुटा रहे हैं,जिससे परिवार के सदस्यों में दहशत का माहौल है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि विपक्षियों के खिलाफ पहले से भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। ऐसे में किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच,प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने तथा स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच कराई जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button