GST का ‘गुगली’ IPL फैंस पर भारी, अब टिकट खरीदना नहीं होगा आसान
IPL टिकट पर 28% नहीं, अब 40% GST! देखिए नई कीमतें

new gst slabs: वस्तु एवं सेवा कर (GST) की नई दरों का असर अब क्रिकेट पर भी पड़ेगा। दुनिया की सबसे बड़ी लीग, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के टिकट अब और महंगे हो जाएँगे। इससे स्टेडियम में मैच देखने जाने वालों की जेब पर भारी असर पड़ेगा।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में 3 सितंबर को नई दिल्ली में हुई GST परिषद की बैठक में IPL टिकटों पर GST बढ़ाने का फैसला लिया गया। यह बढ़ोतरी IPL 2026 सीज़न से दिखाई देगी।
टिकटों पर GST का प्रतिशत कितना है
शुरुआत से ही IPL टिकटों पर 28% GST लगता था। इसकी वजह से 1000 रुपये के टिकट की कुल कीमत 1280 रुपये थी। लेकिन अब कहा जा रहा है कि नई दरों के हिसाब से इस टिकट की कीमत में काफी बढ़ोतरी होगी।
ये भी पढ़ें- TCS कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, कंपनी ने दिवाली से पहले कर्मचारियों को दिया ‘वेतन वृद्धि’ का तोहफा
GST परिषद की बैठक में IPL टिकटों पर 40% GST लगाने का फैसला लिया गया है। पहले यह 28% था। इसके चलते आईपीएल टिकट महंगे हो सकते हैं। इसका सीधा असर टिकट खरीदने वाले प्रशंसकों की जेब पर भी पड़ेगा।
1000 रुपये के टिकट पर कितना हुआ इजाफा (new gst slabs)
मैच देखने स्टेडियम जाने वाले प्रशंसकों को अब 1000 रुपये के टिकट के लिए 1280 की जगह 1400 रुपये खर्च करने होंगे। यानी अब प्रशंसकों को 1000 रुपये के टिकट के लिए 120 रुपये ज़्यादा देने होंगे।
500, 2000 रुपये के टिकट पर कितना हुआ इजाफा
इसी तरह, 500 रुपये के टिकट के लिए अब 640 रुपये की जगह 700 रुपये देने होंगे। वहीं, 2000 रुपये के टिकट के लिए प्रशंसकों को 2560 रुपये की जगह 2800 रुपये देने होंगे। इसका असर आईपीएल 2026 के दौरान स्टेडियम में देखने को मिलेगा।



