पुलिस मुठभेड़ में चार बदमाश गिरफ्तार: 25 तमंचे बरामद

इटावा में अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़

इटावा। इटावा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी, सर्विलांस,थाना वैदपुरा और बसरेहर पुलिस की संयुक्त टीम ने बीती सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मौके से 25 देशी फैक्ट्री निर्मित व अर्धनिर्मित तमंचे और 35 जिंदा कारतूस के अलावा शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार बीती रात एसओजी व थाना पुलिस टीम महोला तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। तभी सूचना मिली कि महोला से रामेत जाने वाले रास्ते पर बबूल के जंगल में हाईटेंशन लाइन के नीचे पुरानी ट्यूबवेल कोठरी के पास कुछ बदमाश असलहा बना रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जिसपर आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश अमित कुमार उर्फ नित्ता के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

वहीं पुलिस ने सोनू कुमार निवासी चकवा बुजुर्ग,अंशू निवासी चकवा बुजुर्ग और भूप सिंह निवासी अधियापुरा को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अवैध शस्त्र बनाकर इटावा व आसपास के जिलों में तस्करी करते थे।
पुलिस ने मौके से 20 निर्मित तमंचे 315 बोर,एक अर्धनिर्मित तमंचा 315 बोर,एक तमंचा 12 बोर,दो अर्धनिर्मित तमंचे 12 बोर, एक तमंचा 32 बोर,15 कारतूस 12 बोर,20 जिंदा व 4 खोखा कारतूस 315 बोर,3 एंड्रॉयड मोबाइल के अलावा भट्टी,लोहे की डाई, हथौड़ी,प्लास,आरी,रेती, पेंचकस,रंदा,कोयला समेत शस्त्र बनाने के दर्जनों उपकरण बरामद किए हैं।

थाना वैदपुरा में मुठभेड़ व आर्म्स एक्ट के तहत मुअसं 35/2026 धारा 109(1) वीएनएस व धारा 3/5/25/27 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी अमित उर्फ नित्ता और 64 वर्षीय भूप सिंह का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन व डीआईजी कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा एसएसपी इटावा के पर्यवेक्षण में की गई। सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है।

Related Articles

Back to top button