जनसुनवाई में डीएम ने सुनीं लोगों की समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें प्रस्तुत कीं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में भूमि एवं संपत्ति पर अवैध कब्जे, राजस्व विवाद, भूमि धोखाधड़ी, अतिक्रमण, पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामले सामने आए। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों में मौके पर और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

डीएम ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गरीबों, असहायों, दिव्यांगजनों, विधवा महिलाओं और अन्य पात्र जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिलाने पर जोर दिया। जनसुनवाई के दौरान समस्याओं के समाधान से संतुष्ट लोगों ने जिलाधिकारी का आभार भी जताया। इस अवसर पर एडीएम (ई) ज्योति मौर्या, सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चन्द्र त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button