रक्तदान करने से शरीर में नहीं होती है कोई कमजोरी : शिवशरण सिंह
स्काउट मास्टर शिव शरण सिंह ने 54वीं बार किया रक्तदान

रायबरेली। विश्व रक्तदान दिवस के मौके पर जिला अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर में शिक्षकों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। राज्य अध्यापक पुरस्कृत शिक्षक, लीडर ट्रेनर स्काउट एवं जिला स्काउट मास्टर शिवशरण सिंह के साथ में माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों ने रक्तदान किया। वहीं, स्काउट मास्टर ने आज 54वीं बार रक्तदान करके मानवता की मिसाल पेश की।
जिला अस्पताल में रक्तदान करते हुए शिक्षकों ने कहा कि चलो कुछ ऐसा काम करा जाए, औरों के लिए मिसाल बन जाए, हम रहे ना रहे कदमों के निशान रह जाएं। 54वीं बार रक्तदान करते हुए जिला स्काउट मास्टर शिवशरण सिंह ने कहा कि जब पहली बार रक्तदान किया था तब यह सोचा नहीं था कि इतनी बार रक्तदान करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज में जब भी किसी को रक्त की आवश्यकता होती है, तो हम रक्तदान करने जरूर जाते हैं। रक्तदान के महादानी शिव शरण सिंह ने बताया कि रक्तदान करने से ना तो शरीर में कोई कमजोरी महसूस होती है बल्कि शरीर में नई स्फूर्ति एवं चेहरे पर शाइनिंग के साथ – साथ दूसरों को जीवन दान मिलता है।
उन्होंने कहा कि अपने साथ ही अन्य शिक्षकों को भी प्रेरित करता रहता हूं। उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं बल्कि रक्तदान करने से दूसरों की जान तो बचती ही है। साथ ही अपना भी शरीर और स्वस्थ हो जाता है। आज रक्तदान करने वालों में विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर शिव शरण सिंह के साथ रक्तदान करने वालों में जिला क्रीड़ा सचिव माध्यमिक शिक्षा अजय सिंह चंदेल, शिक्षक विवेक सिंह पटेल, मधुलिका वर्मा के साथ-साथ समाजसेवी लोगों ने रक्तदान कर दूसरों के जीवन जीने के लिए ज्योति जलाई है।



