जर्जर बिजली पोल कर रहा हादसे का इंतजार

भरथना,इटावा। भरथना कस्बा के मोहल्ला कल्याण नगर में गंदे नाला की पुलिया के पास संचालित दो निजी विद्यालयों के पास जर्जर होकर सड़क की ओर झुका बिजली का पोल कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बसंत वैली पब्लिक स्कूल और आदर्श बाला पब्लिक स्कूल के समीप लगा यह पोल पिछले दो माह से अधिक समय से क्षतिग्रस्त अवस्था में है, लेकिन संबंधित विभाग अब तक इसकी सुध लेने नहीं पहुंचा है।

मोहल्लेवालियों के अनुसार प्रतिदिन इन दोनों विद्यालयों में आने-जाने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राएं इसी मार्ग से गुजरते हैं। स्कूल खुलने और छुट्टी के समय सड़क पर बच्चों और अभिभावकों की भारी आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क की ओर झुका यह बिजली का पोल लगातार दुर्घटना की आशंका बढ़ा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि काफी लम्बे समय से समस्या बरकरार है, लेकिन अब तक न तो पोल बदला गया और न ही उसकी मरम्मत कराई गई। स्थानीय निवासियों और अभिभावकों ने विद्युत विभाग से जर्जर पोल को तत्काल बदलवाने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले ही खतरे को टाला जा सके।

भरथना बिजली उपखंड अधिकरी दिलीप कुमार साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त समस्या के समबन्ध में जानकारी प्राप्त नही हुई थी,शीघ्र ही टीम भेजकर पोल को सही करा दिया जायेगा।

Related Articles

Back to top button