कांस्टेबल का भाई चोरी में गिरफ्तार: पीतल की परात बरामद

महाराष्ट्र से घर लौटने पर मकान में चोरी की हुई जानकारी

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला केशोराय में मकान से पीतल के बर्तन और अन्य सामान चोरी होने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी जाबेद पुत्र शरीफ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पीतल की एक परात भी बरामद की है। आरोपी का बड़ा भाई पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर तैनात है,जबकि उसके पिता सेवानिवृत्त फौजी हैं।

ग्राम नगला केशोराय निवासी अभिलाख सिंह अपने परिवार के साथ महाराष्ट्र के सोलापुर में मजदूरी करने गया था। गत 27 सितंबर को उसके बड़े भाई अर्जुन ने फोन कर घर में चोरी होने की जानकारी दी। सूचना मिलने पर अभिलाख सिंह गांव पहुंचा और मकान में जाकर देखा तो वहां रखे पीतल के बर्तन, परात समेत अन्य सामान गायब था। इसके बाद उसने थाने पहुंचकर गांव निवासी जाबेद पुत्र शरीफ के खिलाफ चोरी का आरोप लगाते हुए तहरीर दी और मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से चोरी की गई पीतल की परात भी बरामद हुई है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button