बिरला सीमेंट के सीएसआर प्रयास से कम्पोजिट स्कूल बेलीगंज को मिली शुद्ध पेयजल की सौगात

रायबरेली। नगर क्षेत्र स्थित कम्पोजिट स्कूल बेलीगंज में छात्रों के स्वास्थ्य और सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की गई। एम.पी. बिरला सीमेंट, रायबरेली यूनिट द्वारा अपने सीएसआर कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय को हैवेल्स आरओ और वोल्टास वाटर कूलर भेंट किया गया। यह व्यवस्था विद्यालय के बच्चों को शुद्ध और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने में बड़ी भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, एम.पी. बिरला सीमेंट के यूनिट हेड सुनील कुमार कोठारी ने विधिवत रूप से संयंत्र विद्यालय परिवार को सुपुर्द किया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं द्वारा सुनील कुमार कोठारी का पारंपरिक तरीके से टीका लगाकर और बुके भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। विद्यालय परिसर में मशीन की स्थापना के दौरान शुभता के प्रतीक के रूप में स्वास्तिक बनाकर, रोली-टीका और धूपबत्ती के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की गई। तत्पश्चात, फीता काटकर ठंडे पानी की मशीन का उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय की हेडमास्टर रीनू सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि बिरला और बेली शब्द न केवल सुनने, लिखने में जुड़े हुए प्रतीत होते हैं, बल्कि आज इस सहयोग ने इन्हें वास्तव में एक-दूसरे के करीब ला दिया है। उन्होंने कहा कि आरओ और ठंडे पानी की सुविधा विद्यालय के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, जिससे बच्चों को स्वच्छ पेयजल मिलेगा।

कार्यक्रम में एम.पी. बिरला सीमेंट के सीएसआर मैनेजर शिवगोविन्द सिंह, कार्यदायी संस्था ‘विश्वास संस्थान’ के प्रतिनिधि अनिल प्रजापति और प्रशान्त शुक्ला, डॉ. मंजुलिका दीक्षित, विद्यालय के शिक्षक, डीएलएड प्रशिक्षुगण, अभिभावक और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से यूनिट हेड सुनील कुमार कोठारी का और ऑल स्कूल पैरेंट्स एसोसिएशन अध्यक्ष शशांक सिंह राठौर का इस नेक कार्य के लिए विशेष आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Back to top button