शिक्षा-स्वच्छता और सड़क सुरक्षा का बच्चों को मिला संदेश
स्टेंटोरियन फाउंडेशन ने चलाया 'दम्या' अभियान

जसवंतनगर,इटावा। स्टेंटोरियन फाउंडेशन के सोशल इंटर्नशिप प्रोग्राम के अंतर्गत संचालित ‘दम्या’ अभियान के तहत पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों से इंटर्नशिप के लिए आए विद्यार्थियों ने छात्र-छात्राओं को शिक्षा, स्वच्छता,सड़क सुरक्षा एवं अच्छे संस्कारों के महत्व के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान जीएलए यूनिवर्सिटी के छात्र नींव जैन ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं,बल्कि जीवन को बेहतर दिशा देने का सबसे प्रभावी साधन है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन करने, नई-नई जानकारियाँ प्राप्त करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। वहीं अभिवंश वर्मा एवं उत्कर्ष वर्मा ने बच्चों को व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक स्वच्छता बनाए रखने,यातायात नियमों का पालन करने तथा अच्छी आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास समाज में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए जागरूकता संबंधी जानकारियाँ प्राप्त कीं और उन्हें अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।



