जमीनी विवाद में हुई मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज

महराजगंज, रायबरेली। जमीनी विवाद में रविवार को हुई मारपीट के मामले में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली पुलिस ने जहां एक पक्ष से मिली तहरीर पर सात के खिलाफ रविवार को ही मुकदमा दर्ज किया था, वहीं दूसरे पक्ष की तहरीर पर सोमवार को सात नामजद सहित तीन चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।

कोतवाली क्षेत्र के कस्बे के वार्ड नं छः रुद्र नगर निवासी सभासद राम कुमार यादव व अरुण कुमार यादव के बीच ग्राम समाज की भूमि पर कब्जे को लेकर कई वर्षों से विवाद है।सुरक्षित ज़मीन पर अवैध कब्जे को लेकर रविवार की सुबह करीब आठ बजे दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।

घटना में जम कर लाठी डंडा , कुल्हाड़ी, फावड़ा चले। मारपीट में दोनों पक्षों से 11 लोग घायल हुए, जिसमें चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक पक्ष के ललित कुमार व शिवपती तथा दूसरे पक्ष से रचना, राम अभिलाष व हरिप्रसाद की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना के बाद सभासद रामकुमार की तहरीर पर पुलिस ने दूसरे पक्ष के अरुण कुमार उनकी पत्नी रचना, राम अभिलाष व उनकी पत्नी निशा, प्रिंशू यादव, हरिप्रसाद की पत्नी बबली, राम अभिलाष , हरी प्रसाद व उनके बेटे हिमांशु के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

वहीं दूसरे पक्ष की तहरीर पर सोमवार को पुलिस ने रामकुमार व उनकी पत्नी शिवपती,बेटा ललित,बेटी सोनम तथा बाबूलाल व फतेहबहादुर पुत्र गण शिवराम एवं नितिन कुमार पुत्र शिवसागर व 3-4अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि जमीन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हुई है।

दोनों पक्षों के घायलों का मेडिकल कराया गया है।एक पक्ष से रामकुमार की तहरीर के आधार पर दूसरे पक्ष के तीन महिलाओं सहित सात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है वहीं दूसरे पक्ष से अरुण कुमार की तहरीर पर दो महिलाओं सहित सात नामजद व 3-4 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button