जसवंतनगर हाईवे पर कार बनी आग का गोला, हाईवे ओवर ब्रिज पर रविवार देर रात हुई घटना

थानाध्यक्ष ने थोड़ी देर यातायात को रुकवाया,

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवर ब्रिज के ऊपर रविवार की देर रात हाईवे से गुजर रही एक सीएनजी कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई जिससे हाईवे पर अफरा तफरी का माहौल हो गया।मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड बुलाकर आग पर काबू पाया। गनीमत रही इस बड़े हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

रविवार देर रात करीब एक बजे थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवर ब्रिज के ऊपर आगरा से इटावा जाने वाली सड़क पर नोएडा की तरफ से आ रही एक सीएनजी वैगन आर कार जिसमें दो लोग सवार थे। जैसे ही कार ओवर ब्रिज पर पहुंची उसमें अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कार आग का गोला बन गई। आग लपटे आसमान को छूने लगी। जिससे हाईवे पर अफरा तफरी का माहौल बन गया।सूचना पर अपनी टीम के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष कमल भाटी ने सबसे पहले हाईवे की दोनों सड़कों पर यातायात को कुछ देर के लिए रुकवाया और तुरंत ही फायर ब्रिगेड टीम को बुलाया।

फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस की सूचना पर हाइड्रा मशीन लेकर पहुंचे हाईवे इंसिडेंट मैनेजर सुनित चौहान ने कार को सड़क किनारे खड़ा करवाया। पुलिस ने सामान्य स्थिति होने पर यातायात सुचारू करवाया। कार सवार दो लोग अभय कुमार पुत्र विनोद कुमार निवासी नगला चांदी थाना बकेवर और प्रिंस कुमार पुत्र लाल निवासी खोड़ा कॉलोनी प्रगति विहार जनपद गाजियाबाद को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

पुलिस कार में आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुट गई है। कार चालक अभय ने बताया कि सीएनजी वैगनआर कार उसकी स्वयं की है और वह खुद चलाता है। नोएडा में ओला उबर कंपनी में कार अटैच है। रविवार शाम को वह अपने साथी प्रिंस के साथ नोएडा से अपने घर बकेवर एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहा था। रात करीब 1 बजे जसवंतनगर के ओवर ब्रिज पर चलते चलते कार अचानक रुक गई हमने उतर कर देखा तो बोनट से धुआं निकल रहा था। आग बुझाने की कोशिश की तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया और कार आग के गोले में बदल गई।

Related Articles

Back to top button