रेलवे परियोजना का काम रुकवाने को मारपीट, धमकी का आरोप

जसवंतनगर,इटावा। नगला भिखन के पास चल रही डीएफसीसी रेलवे परियोजना के कार्य को रोकने के लिए मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में धर्मवीर सुनील कुमार, बंटी,रामाधार आदि ने जसवंतनगर थाने में शिकायत की तहरीर दी है। पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि परियोजना के तहत मां वैष्णो देवी एसोसिएट्स द्वारा बैलास्ट व ब्लेकेट की आपूर्ति की जा रही है।

आरोप है कि बीपी इन्फ्राटेक से जुड़े कुछ लोगों ने कथित रूप से गुंडा तत्वों को बुलाकर आपूर्ति में लगे वाहनों के ड्राइवरों के साथ मारपीट की। हमलावरों ने ड्राइवरों से जबरन रॉयल्टी स्लिप और वेट स्लिप भी छीन लीं, जिससे कार्य बाधित हो गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस घटना के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और रेलवे परियोजना का काम सुचारु रूप से नहीं चल पा रहा है।

मामले में शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।वहीं आरोपी पक्ष ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि शिकायतकर्ता ने ही उनकी सड़कें अवरुद्ध कर रखी हैं, जिससे उनका काम प्रभावित हो रहा है।थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button