किशोरी को फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप
तलाश करने पहुंचे पिता से आरोपियों ने की गाली-गलौज

जसवंतनगर,इटावा। क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता ने गांव के ही एक युवक पर पुत्री को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। वहीं, बेटी की तलाश में युवक के घर पहुंचे पिता के साथ उसके परिजनों द्वारा गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
थानाध्यक्ष कमल भाटी के अनुसार, पीड़ित पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती 11/12 नवंबर की रात करीब डेढ़ बजे गांव का ही नीतेश उर्फ गोलू उसकी 15 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। घटना के समय गांव के शिवा सहित कुछ अन्य लोगों ने युवक को किशोरी के साथ जाते हुए देखा था।
जानकारी मिलने पर परिजनों ने किशोरी की काफी तलाश की। इसके बाद वे युवक के घर पहुंचे तो आरोप है कि वहां युवक के परिजन रामबरन और नीरज ने उनके साथ गाली-गलौज की। साथ ही पुलिस में शिकायत करने या मुकदमा दर्ज कराने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने पिता की तहरीर पर नीतेश उर्फ गोलू, रामबरन और नीरज के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। किशोरी की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।



