त्यौहार पर यूपीयूएमएस स्वास्थ्य सेवा रहीं अग्रणी
दीपावली पर भी मरीजों को निर्बाध-गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं में सेंफई फिर अव्वल

सैफई,इटावा। उत्तर प्रदेश सैफई के आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय ने दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार के दौरान भी मरीजों के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं।कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह के दूरदर्शी नेतृत्व एवं स्पष्ट दिशा-निर्देशों के अनुरूप विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा अस्पताल में व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं,जिससे त्योहार के दौरान भी अस्पताल आने वाले मरीजों एवं उनके तीमारदारों को समय पर बेहतर चिकित्सा परामर्श, उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होती रहीं।
दीपावली के दौरान भी विश्वविद्यालय अस्पताल की इमरजेंसी,ओपीडी, भर्ती मरीजों के उपचार, शल्य चिकित्सा एवं प्रसूति संबंधी सेवाएं सुचारु रूप से संचालित होती रहीं। विशेष रूप से आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को लेकर सतर्कता बरती गई,ताकि किसी भी मरीज को आवश्यक उपचार से वंचित न रहना पड़े।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी अस्पताल प्रदर्शन रिपोर्ट के अनुसार,7 नवंबर से 12 नवंबर 2026 (12 नवंबर को अपराह्न तक) की अवधि में अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं का उल्लेखनीय संचालन किया गया।
इस दौरान 9 हजार 226 मरीजों को ओपीडी सेवाएं प्रदान की गईं। जबकि 2 हजार 97 मरीजों ने इमरजेंसी में चिकित्सा सुविधाओं का लाभ लिया। इसके अलावा 1 हजार 192 मरीजों को आईपीडी के अंतर्गत भर्ती कर उपचार प्रदान किया गया। वहीं 175 मेजर सर्जरी सफलता पूर्वक की गईं।
और 795 माइनर सर्जरी संपन्न की गईं। इसी दौरान अस्पताल में ही सुरक्षित 94 प्रसव कराए गए।
कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह ने कहा कि मरीजों का हित एवं उनकी बेहतर चिकित्सा व्यवस्था विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है। त्योहार एवं अवकाश के दिनों में भी स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी है,ताकि प्रत्येक जरूरतमंद मरीज को समय पर समुचित उपचार मिल सके।
इस दौरान चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल कर्मियों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने पूरी निष्ठा,समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबंधित चिकित्सकीय एवं गैर-चिकित्सकीय कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की,जिनके सहयोग से दीपावली के दौरान भी अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहीं।
यूपीयूएमएस सैफई मरीजों की सेवा, जनकल्याण एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर मजबूत करते हुए हर दिन,हर परिस्थिति में आमजन को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है।



