बेटी को छोड़ने गई मां को बाइक ने मारी टक्कर: मौत

भाई दूज पर बेटी को छोड़ने के बाद हाईवे पार करते समय हुआ हादसा

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भाबलपुर के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार दोपहर करीब तीन बजे तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल हुई 60 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला भाई दूज पर अपनी बेटी को छोड़ने के लिए हाईवे तक आई थीं। हादसे के बाद परिजन उन्हें सैफई पीजीआई ले गए थे, जहां बीती रात उन्होंने दम तोड़ दिया।

मृतका की पहचान श्रीदेवी पत्नी इंदर सिंह निवासी ग्राम भाबलपुर के रूप में हुई है। मृतका के दामाद सोनू ने बताया कि भाई दूज के अवसर पर उनकी पत्नी सुनीता देवी मायके आई हुई थीं। बुधवार को श्रीदेवी अपनी बेटी को छोड़ने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग तक गई थीं। बेटी को विदा करने के बाद जब वह सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

परिजन उन्हें तत्काल सैफई पीजीआई ले गए, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन देर रात उनकी मौत हो गई। श्रीदेवी के दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button