कहासुनी पर युवक को घर तक दौड़ाकर पीटा

बचाने पहुंची मां-बहन के साथ भी हुई मारपीट

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर हुई कहासुनी के बाद चार लोगों ने एक युवक का पीछा कर उसके घर में घुसकर मारपीट कर दी। आरोपियों ने बीच-बचाव करने पहुंची युवक की मां और बहन को भी नहीं बख्शा। तीनों के साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

ग्राम जसौहन बगिया निवासी योगेश कुमार पुत्र बृजेश कुमार ने पुलिस को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि 10 नवंबर की शाम करीब पांच बजे वह लखेरा कुआं स्थित पेट्रोल पंप पर मोटरसाइकिल में पेट्रोल डलवाने गया था। इसी दौरान गांव के संदीप, बोबी पुत्रगण मटारू, अमित और सूरज पुत्र महावीर ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।आरोप है कि मारपीट के डर से वह वहां से भागकर अपने घर पहुंचा, लेकिन चारों आरोपी पीछा करते हुए उसके घर पहुंच गए और उसके साथ मारपीट करने लगे। बेटे को बचाने पहुंची मां शांति देवी और बहन अंजली को भी आरोपियों ने लात-घूंसों से पीटा। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हुए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

इस संबंध में थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Related Articles

Back to top button