कौशांबी पुलिस ने वाहन चोर को किया गिरफ्तार, चोरी की स्कूटी बरामद

दिल्ली से छह माह पहले चोरी की गई थी स्कूटी, बेचने की फिराक में घूम रहा था आरोपी

गाजियाबाद। कौशांबी थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दिल्ली के पांडव नगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक स्कूटी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चांद पुत्र सरफुद्दीन निवासी कौड़ी कॉलोनी, डीएलएफ शरदपुरी रोड, नंदनगरी दिल्ली, उम्र करीब 24 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को कौशांबी थाना पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सेंट्रल पार्क कौशांबी के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की एक स्कूटी बरामद हुई। जांच में पता चला कि बरामद स्कूटी दिल्ली के थाना पांडव नगर क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसके संबंध में वहां मुकदमा अपराध संख्या 6367/2026 दर्ज है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। बरामद स्कूटी को उसने करीब छह माह पहले दिल्ली से चोरी किया था और अब उसे बेचने की फिराक में सेंट्रल पार्क कौशांबी के आसपास घूम रहा था।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर कौशांबी थाने में बीएनएस की धारा 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ कौशांबी थाने में वर्तमान मामला और दिल्ली के पांडव नगर थाने में चोरी का एक मुकदमा दर्ज है। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में कौशांबी थाना पुलिस के जवान शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button